Home News

कनाडा से चीन और भारत में मटर का निर्यात बढ़ने के आसार

22-Oct-2026 04:33 PM

कनाडा से चीन और भारत में मटर का निर्यात बढ़ने के आसार

वैंकुवर। काला सागर का जलमार्ग अवरुद्ध एवं असुरक्षित होने के कारण रूस से चीन और भारत को मटर के निर्यात में भारी बाधा पड़ रही है जिसका फायदा कनाडा को होने की उम्मीद है। इन दोनों प्रमुख बाजारों में कनाडाई मटर का निर्यात तेजी से बढ़ने के आसार हैं।

व्यापार विश्लेषकों का कहना है कि चीन के लिए कनाडा में मटर निर्यात का जो लक्ष्य निर्धारित किया है वह हासिल हो जाएगा। इधर भारत में दलहन उत्पादन के प्रति अनिश्चितता बनी हुई है। यहां चना, मसूर एवं मटर की बिजाई हो रही है। 

कनाडा से मटर का निर्यात फिलहाल सामान्य ढंग से हो रहा लेकिन आगे शिपमेंट की गति तेज होने की उम्मीद है। पिछले 10 सप्ताहों के दौरान निर्यात की मात्रा बढ़ी है। कीमतों में भी कुछ मजबूती आई है।

इस बार कनाडा में मटर का उत्पादन कम हुआ है और इसकी क्वालिटी भी प्रभावित हुई है। पिछला स्टॉक ज्यादा है मगर उसकी गुणवत्ता पर भी संदेह है। इसके फलस्वरूप आगामी महीनों में अच्छी क्वालिटी की पीली एवं हरी मटर का भाव मजबूत रहने की उम्मीद है।

दोनों श्रेणियों की मटर के बीच मूल्यान्तर कम होता जा रहा है। भारत में केवल पीली मटर के आयात की अनुमति है और उस पर 30 प्रतिशत का सीमा शुल्क लगा हुआ है। कनाडा में पीली मटर का भाव बढ़कर 9.00-9.25 डॉलर प्रति बुशेल पर पहुंच गया है।