जीरा कीमतों में तेजी
24-Jan-2024 07:02 PM
नई दिल्ली । वायदा बाजार में बढ़ते भावों के कारण हाजिर बाजारों में भी जीरे की कीमतें बढ़नी शुरू हो गई है। बाजार सूत्रों का कहना है कि बाजार में यह अस्थाई तेजी है। उत्पादक केन्द्रों पर नए मालों की आवक बढ़ने के साथ ही कीमतों में फिर गिरावट आएगी।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष जीरे की आवक में लगभग एक माह की देरी हुई है। अब आवक फरवरी माह में बनेगी। वर्तमान में गुजरात की मंडियों में छिटपुट नए मालों की आवक शुरू हुई है। आमतौर पर जनवरी माह के शुरू में आवक हो जाती थी।
बहरहाल आज उत्पादक केन्द्रों की मंडियों पर जीरे के भाव 500/700 रुपए प्रति क्विंटल तेजी के साथ बोले गए लेकिन व्यापार कम रहा।
वायदा बाजार में मार्च का भाव 785 रुपए एवं अप्रैल का भाव 520 रुपए तेजी के साथ बंद हुआ। बिजाई का क्षेत्रफल बढ़ने एवं मौसम भी फसल के अनुकूल बना रहने से इस वर्ष जीरे की पैदावार गत वर्ष की तुलना में अधिक रहेगी।
