गुजरात में जायद फसलों का रकबा गत वर्ष से आगे

13-Apr-2026 05:38 PM

अहमदाबाद। देश के पश्चिमी प्रान्त - गुजरात में मौसम की हालत सामान्य होने से किसानों द्वारा इस बार ग्रीष्मकालीन या जायद सीजन की फसलों की खेती में किसानों द्वारा अच्छी दिलचस्पी दिखाई जा रही है। इसके फलस्वरूप राज्य में इन फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 12,86,872 हेक्टेयर से 76,415 हेक्टेयर तथा पिछले तीन वर्षों के सामान्य औसत क्षेत्रफल 11,78,837 हेक्टेयर से 9.16 प्रतिशत ज्यादा है। बिजाई की प्रक्रिया लगभग समाप्त हो चुकी है।

राज्य कृषि विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले साल की तुलना में चालू वर्ष के दौरान गुजरात में ग्रीष्मकालीन धान का उत्पादन क्षेत्र 1.28 लाख हेक्टेयर से उछलकर 3.38 लाख हेक्टेयर तथा मक्का का रकबा 7470 हेक्टेयर से सुधरकर 7663 हेक्टेयर पर पहुंचा। इस तरह धान तथा मोटे अनाजों का कुल क्षेत्रफल गत वर्ष के 4.50 लाख हेक्टेयर से बढ़कर इस बार 4.79 लाख हेक्टेयर हो गया।

इसी तरह दलहन फसलों का सकल उत्पादन क्षेत्र भी 89 हजार हेक्टेयर से बढ़कर 95 हजार हेक्टेयर हो गया। इसके तहत मूंग का बिजाई क्षेत्र 59 हजार हेक्टेयर से बढ़कर 63 हजार हेक्टेयर तथा उड़द का रकबा 30 हजार हेक्टेयर से सुधरकर 31 हजार हेक्टेयर पर पहुंच गया।

तिलहन फसलों की कुल बिजाई में भी अच्छी प्रगति हुई। इसका कुल उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के 1.77 लाख हेक्टेयर से उछलकर 2.33 लाख हेक्टेयर हो गया। इसके अंतर्गत मूंगफली का बिजाई क्षेत्र 56 हजार हेक्टेयर से बढ़कर 68 हजार हेक्टेयर तथा तिल का क्षेत्रफल 1.21 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 1.35 लाख हेक्टेयर हो गया।