गुजरात के बंदरगाहों पर दलहनों के स्टॉक में कुछ कमी

12-Feb-2026 01:21 PM

अहमदाबाद। पश्चिमी प्रान्त- गुजरात के बंदरगाहों पर विदेशों से पीली मटर, लाल मसूर एवं देसी चना का नियमित आयात होता है जिससे वहां इसका अच्छा स्टॉक उपलब्ध रहता है।

लेकिन नई खेप की आवक एवं पुराने आयातित माल की निकासी के आधार पर इन बंदरगाहों पर दलहनों का स्टॉक घटता बढ़ता रहता है। 3 फरवरी के मुकाबले 10 फरवरी 2025 को मूंदड़ा, कांडला एवं हजीरा पोर्ट पर दलहनों के स्टॉक में कुछ गिरावट दर्ज की गई। 

आईग्रेन इंडिया द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार 3 फरवरी को इन बंदरगाहों पर इन तीन दलहनों का कुल स्टॉक 7,39,915 टन मौजूद था जो 10 फरवरी को करीब 35 हजार टन गिरकर 7,04,702 टन रह गया।

इसके तहत पीली मटर का स्टॉक 3,10,281 टन से घटकर 2,92,938 टन, लाल मसूर का स्टॉक 80,339 टन से गिरकर 71,036 टन तथा चना का स्टॉक 3,49,195 टन से फिसलकर 3,40,728 टन रह गया। 

समीक्षाधीन अवधि के दौरान मूंदड़ा बंदरगाह पर दलहनों का कुछ स्टॉक 2,72,853 टन से घटकर 2,60,872 टन पर आ गया। इसके तहत वहां पीली मटर का स्टॉक 87,464 टन से गिरकर 76,935 टन, लाल मसूर का स्टॉक 25,817 टन से घटकर 19,772 टन रह गया लेकिन देसी चना का स्टॉक 1,59,572 टन से सुधरकर 164,165 टन पर पहुंच गया। ऑस्ट्रेलिया से चना का अच्छा आयात हो रहा है। 

जहां तक कांडला बंदरगाह की बात है तो वहां इन दलहनों का कुल स्टॉक 3 फरवरी के 3,41,704 टन से घटकर 10 फरवरी को 3,21,897 टन पर आ गया। इसके तहत पीली मटर का स्टॉक 1,02,927 टन से गिरकर 98,945 टन, लाल मसूर का स्टॉक 49,154 टन से फिसलकर 46,389 टन तथा चना का स्टॉक 1,89,624 टन से घटकर 1,76,563 टन रह गया। बंदरगाह से दलहनों की अच्छी निकासी हो रही है। 

हजीरा पोर्ट पर पीली मटर का स्टॉक 1,19,890 टन से गिरकर 1,17,058 टन तथा लाल मसूर का स्टॉक 5367 टन से घटकर 4875 टन पर आ गया जिससे दलहनों का कुल स्टॉक भी 1,25,258 टन से फिसलकर 1,21,933 टन रह गया।