ब्राजील में सोयाबीन का उत्पादन अनुमान 1790 लाख टन पर स्थिर
12-Feb-2026 01:51 PM
साओ पाउलो। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील में बिजाई क्षेत्र बढ़ने तथा मौसम की हालत अनुकूल रहने से 2025-26 के वर्तमान सीजन में सोयाबीन का कुल उत्पादन तेजी से बढ़कर 1790 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान है।
पिछले सप्ताह के अंत में देश के पूर्व-मध्यवर्ती एवं पश्चिमोत्तर भाग में अच्छी बारिश होने से सोयाबीन की फसल को फायदा हुआ। सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक राज्य- माटो ग्रोसो में भारी वर्षा होने से सोयाबीन फसल की कटाई एवं सफरीन्हा मलावी बिजाई की गति धीमी पड़ गई।
चालू सप्ताह के दौरान उत्तरी ब्राजील में वर्षा होने से फसल को राहत मिलने की उम्मीद है लेकिन दक्षिणी राज्यों में मौजूदा शुष्क एवं गर्म मौसम चिंता का कारण बना हुआ है। अगले सप्ताह दक्षिणी ब्राजील के कुछ भागों में बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है।
ब्राजील संसार में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है। वहां नई फसल की कटाई-तैयारी जनवरी में ही आरंभ हो गई थी और गत सप्ताह के अंत तक करीब 16 प्रतिशत क्षेत्र में फसल की कटाई पूरी हो चुकी थी। अब सभी प्रमुख उत्पादक राज्यों में नई फसल की कटाई शुरू हो चुकी है।
प्राप्त सूचना के अनुसार अभी तक माटो ग्रोसो में 39 प्रतिशत, पराना में 14 प्रतिशत तथा गोईआस में 3 प्रतिशत फसल काटी गई है। मगर कहीं-कहीं सोयाबीन के दाने की क्वालिटी अच्छी नहीं देखी जा रही है जबकि रियो ग्रैंड डो सूल एवं दक्षिणी माटो ग्रोसो डो सूल प्रान्त में मौसम गर्म एवं शुष्क बना हुआ है। इससे वहां सोयाबीन की औसत उपज दर एवं कुल पैदावार पर असर पड़ने की आशंका है।
