गेहूं का निर्यात कोटा दोगुना बढ़ाकर 50 लाख टन नियत
29-Apr-2026 01:10 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय के अधीनस्थ निकाय- विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) ने 25 लाख टन अतिरिक्त गेहूं के निर्यात की अनुमति दिये जाने के निर्णय की अधिसूचना जारी कर दी है। उल्लेखनीय है कि 20 अप्रैल को इस आशय का निर्णय लिया था और तभी तो उसकी विधिवत अधिसूचना जारी होने की प्रतीक्षा की जा रही थी।
सरकारी गोदामों में गेहूं का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इस बार घरेलू उत्पादन भी शानदार होने का अनुमान लगाया जा रहा है। गेहूं की सरकारी खरीद गत वर्ष से कुछ पीछे अवश्य है लेकिन पिछले बकाया स्टॉक एवं मौजूद खरीद को मिलाकर इसका कुल भंडार काफी बड़ा हो गया है।
इससे सरकार को गेहूं का अतिरिक्त निर्यात कोटा जारी करने में कोई हिचकिचाहट नहीं हुई। मालूम हो कि 10 लाख टन गेहूं उत्पादों के निर्यात की स्वीकृति पहले ही दी जा चुकी है।
डीजीएफटी की अधिसूचना में कहा गया है कि नीतिगत रूप से गेहूं के मुक्त निर्यात पर प्रतिबंध लगा हुआ है लेकिन सरकार ने 25 लाख टन अतिरिक्त गेहूं के निर्यात की स्वीकृति प्रदान कर दी है जो पूर्व में नियत निर्यात मात्रा से अलग है। इस तरह निर्यात की स्वीकृति वाले गेहूं की कुल मात्रा अब 50 लाख टन हो गई है।
इस नए निर्णय के तौर-तरीकों का विस्तृत विवरण एक अलग आदेश के माध्यम से अधिसूचित किया जाएगा। सरकारी स्तर पर जरूरतमंद देशों को गेहूं का निर्यात पूर्ववत जारी रहेगा। इस सम्बन्ध में 13 मई 2022 को जो नीति लागू की नई थी वह आगे भी बरकरार रहेगी।
उद्योग-व्यापार क्षेत्र ने इस वर्ष 1106.50 लाख टन तथा कृषि मंत्रालय ने 1202.10 लाख टन गेहूं के घरेलू उत्पादन का अनुमान लगाया है। खाद्य मंत्रालय ने गेहूं खरीद का लक्ष्य भी 303 लाख टन से 42 लाख टन बढ़ाकर अब 345 लाख टन नियत कर दिया है।
