ब्राजील से सोयामील के निर्यात में बढ़ोत्तरी

29-Apr-2026 02:03 PM

परानागुआ। लैटिन अमरीकी देश- ब्राजील से सोयाबीन एवं सोयामील के निर्यात का प्रदर्शन बेहतर चल रहा है। प्रमुख आयातक देशों में इसकी मांग मजबूत बनी हुई है जिससे निर्यातकों को शिपमेंट बढ़ाने का अच्छा अवसर मिल रहा है।

आधकारिक आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2025 में ब्राजील से कुल 21.83 लाख टन सोयामील का निर्यात हुआ था जबकि वर्ष 2026 में 1-17 अप्रैल के दौरान 14.83 लाख टन या 68 प्रतिशत सोयामील का शिपमेंट हो गया। इसकी रफ्तार गत वर्ष से तेज देखी गई।

ब्राजील के विदेश व्यापार सचिवालय का कहना है कि यदि शिपमेंट की यह गति आगे भी बरकरार रही तो देश से अप्रैल 2026 में सोयामील का कुल निर्यात न केवल अप्रैल 2025 से आगे निकल जाएगा बल्कि अप्रैल माह के लिए एक नए रिकॉर्ड स्तर पर भी पहुंच सकता है।

उल्लेखनीय है कि दक्षिण अमरीका महाद्वीप में अवस्थित ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश है जबकि सोयामील के निर्यात में अर्जेन्टीना के बाद दूसरे नम्बर पर रहता है। दुनिया के अनेक देशों में वहां से इसका निर्यात होता है जबकि भारत में ब्राजील से केवल सोयाबीन तेल मंगाया जाता है।