गेहूं की खरीद का लक्ष्य एक लाख टन बढ़ा- आगे और बढ़ने की संभावना

27-May-2026 08:01 PM

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने मौजूदा रबी मार्केटिंग सीजन के लिए गेहूं की खरीद का लक्ष्य 345 लाख टन से एक लाख टन बढ़ाकर 346 लाख टन निर्धारित किया है जबकि आगे इस लक्ष्य को और भी बढ़ाए जाने की संभावना है।

केन्द्रीय पूल के लिए गेहूं की खरीद नियत लक्ष्य के अत्यन्त निकट पहुंच चुकी है जबकि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान जैसे राज्यों में खरीद की प्रक्रिया अभी जारी है। हरियाणा एवं मध्य प्रदेश में लक्ष्य से अधिक गेहूं खरीदा जा चुका है जबकि पंजाब में लक्ष्य के लगभग बराबर ही गेहूं खरीदा गया है। पंजाब-हरियाणा में खरीद बंद हो चुकी है। 

फिलहाल गुजरात में खरीद का लक्ष्य 4000 टन से बढ़ाकर एक लाख टन नियत किया गया है जबकि मध्य प्रदेश में लक्ष्य बढ़ाने की घोषणा जल्दी ही की जा सकती है। वहां 100 लाख टन से अधिक गेहूं पहले ही खरीदा जा चुका है। राष्ट्रीय स्तर पर भी इसकी कुल खरीद बढ़कर 345.40 लाख टन से ऊपर पहुंच गई है जबकि लक्ष्य 345 लाख टन का ही है। मध्य प्रदेश सरकार ने राज्य के लिए गेहूं खरीद का लक्ष्य 100 लाख टन से बढ़ाकर 131 लाख टन नियत करने का आग्रह किया है। 

वरिष्ठ आधिकारिक सूत्रों के अनुसार मध्य प्रदेश, राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश में गेहूं की खरीद जारी है। मध्य प्रदेश में लक्ष्य से ज्यादा गेहूं खरीदा जा चुका है जबकि राजस्थान में खरीद नियत लक्ष्य तक पहुंच रही है।

अभी तक पंजाब में 121.63 लाख टन, मध्य प्रदेश में 103.14 लाख टन, राजस्थान में 22.23 लाख टन तथा उत्तर प्रदेश में 16.22 लाख टन गेहूं की सरकारी खरीद हो चुकी है। राष्ट्रीय स्तर पर कुल खरीद 345.40 लाख टन पर पहुंची है जो गत वर्ष की समान अवधि की खरीद 297.37 लाख टन से 16.15 प्रतिशत अधिक है। 

चालू रबी मार्केटिंग सीजन में अब तक हुई 345.40 लाख टन की कुल खरीद में यूआरएस श्रेणी के गेहूं की मात्रा 33.40 लाख टन आंकी गई है।

हरियाणा में 100 प्रतिशत गेहूं इसी श्रेणी का है जबकि पंजाब, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश में भी अधिकांश गेहूं यूआरएस संवर्ग का ही है जो चमकहीन, बदरंग या टूटे-चिपटे दाने वाला है।