चावल का वैश्विक कारोबार 610 लाख टन होने की संभावना

25-Mar-2026 05:48 PM

नई दिल्ली। बेहतर उत्पादन एवं आयातक देशों की मजबूत मांग के कारण 2026-27 के मार्केटिंग सीजन में चावल का वैश्विक व्यापार बढ़कर 610 लाख टन पर पहुंचने की संभावना है जो 2025-26 सीजन के संशोधित अनुमान 600 लाख टन से ज्यादा है।

अंतर्राष्ट्रीय अनाज परिषद (आईजीसी) की एक रिपोर्ट के अनुसार चावल का वैश्विक उत्पादन भी इस अवधि में 54.40 करोड़ टन से उछलकर 54.80 करोड़ टन पर पहुंचने का अनुमान है।

चावल के वैश्विक उपयोग में इजाफा होगा लेकिन फिर भी इसका बकाया अधिशेष स्टॉक ऊंचा रहेगा। खासकर भारत में शानदार उत्पादन के कारण चावल के स्टॉक में अच्छी बढ़ोत्तरी होगी। 

कौंसिल के अनुसार 2025-26 के सीजन में चावल की वैश्विक खपत 53.70 करोड़ टन होने की संभावना है जो 2026-27 के सीजन में बढ़कर 54.50 करोड़ टन पर पहुंच सकती है। लेकिन फिर भी यह खपत कुल उत्पादन से कम होगी और इसलिए चावल का अधिशेष स्टॉक बढ़ जाएगा।