चना तथा उड़द में सीमित तेजी-मंदी की संभावना
23-Mar-2026 08:15 PM
मुम्बई। चालू सप्ताह के दौरान चना तथा उड़द के दाम में सीमित उतार-चढ़ाव आने की संभावना है क्योंकि मार्च क्लोजिंग के कारण अधिकांश खरीदार इसकी खरीद में कम दिलचस्पी दिखा सकते हैं।
एक अग्रणी व्यापारिक संस्था- इंडिया पल्सेस एंड ग्रेन्स एसोसिएशन की साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार तुवर की कीमतों पर दबाव कुछ बढ़ सकता है क्योंकि इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम बनी हुई है जबकि उसके अनुरूप मांग नहीं निकल रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक यद्यपि सरकार ने 5875 रुपए प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर इस वर्ष 25 लाख टन चना की खरीद की मंजूरी दी है लेकिन बड़े पैमाने पर इसकी खरीद अभी शुरू नहीं हुई है।
अधिकांश मंडियों में चना का भाव एमएसपी से नीचे चल रहा है। जिससे किसान इसकी जोरदार बिक्री से परहेज कर रहे हैं। मध्य प्रदेश एवं राजस्थान में नए माल की जोरदार आवक शुरू होने पर सरकारी खरीद की रफ्तार भी तेज होगी जिससे चना बाजार को कुछ समर्थन मिल सकता है।
