खाद्यान्न का वैश्विक उत्पादन 2.42 अरब टन होने का अनुमान
23-Mar-2026 05:55 PM
मुम्बई। इंटरनेशनल ग्रेन्स कौंसिल (आईजीसी) ने 2026-27 सीजन के दौरान खाद्यान्न का वैश्विक उत्पादन गिरकर 2.42 अरब टन पर सिमट जाने की संभावना व्यक्त की गई है जो 2025-26 सीजन के संशोधित उत्पादन अनुमान से करीब 2 प्रतिशत कम है।
कौंसिल की नई रिपोर्ट के अनुसार बिजाई क्षेत्र एवं औसत उपज दर में कमी आने से उत्पादन घट सकता है। हालांकि इसका पिछला बकाया स्टॉक कुछ ऊंचा रहेगा लेकिन वह उत्पादन में गिरावट की पूरी तरह भरपाई नहीं कर पाएगा और इसलिए 2026-27 के सीजन में खाद्यान्न की कुल उपलब्धता थोड़ी घट जाएगी।
उल्लेखनीय है कि कौंसिल ने 2025-26 सीजन के लिए खाद्यान्न का उत्पादन अनुमान 100 लाख (एक करोड़) टन बढ़ाकर 2.47 अरब टन निर्धारित किया है।
इसमें खासकर मक्का का उत्पादन अनुमान सर्वाधिक बढ़ाया गया है। भारत में मक्का का उत्पादन बेहतर होने की संभावना व्यक्त की गई है जबकि रूस तथा ऑस्ट्रेलिया में गेहूं का उत्पादन अनुमान बढ़ा दिया गया है।
पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण उर्वरकों एवं ईंधन का खर्च बढ़ गया है। हालांकि उत्तरी गोलार्द्ध में विभिन्न फसलों की खेती के लिए किसान आवश्यक कृषि साधनों का स्टॉक बना चुके हैं लेकिन दूसरी छमाही में जहां बिजाई आरंभ होने वाली है वहां किसानों की कठिनाई बढ़ सकती है। एशिया तथा अफ्रीका के अधिकांश देश खाड़ी क्षेत्र से उर्वरकों की आपूर्ति पर निर्भर रहते हैं।
