चीनी मिलों को त्यौहारी सीजन में आपूर्ति बढ़ाने का निर्देश

10-Sep-2026 07:49 PM

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार से समूचे देश की मिलों को त्यौहारी सीजन के दौरान चीनी की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति को सुगम बनाए रखने और कीमतों को स्थिर रखने के लिए कहा है। केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि सरकार चीनी के मासिक उत्पादन की निगरानी करेगी ताकि कीमतों में तेजी पर अंकुश लगाने के लिए सही नीति लागू करने में मदद मिल सके। 

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार त्यौहारी सीजन में मिलों को उचित दाम पर चीनी की पर्याप्त आपूर्ति एवं उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है अन्यथा कीमतों को स्थिर बनाने के लिए सरकार एहतियाती उपाय करने के लिए बाध्य हो जाएगी।

उल्लेखनीय है कि ब्राजील के बाद भारत दुनिया में चीनी का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक देश है। वहां अगस्त में चीनी का भाव उछलकर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था जिससे सरकार को 10 लाख टन कच्ची चीनी के शुल्क मुक्त आयात की अनुमति देने के साथ-साथ कुछ अन्य कदम भी उठाने पड़े थे। अब स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी है।