चीनी का भाव अगले महीने मजबूत रहने की उम्मीद
29-Apr-2026 08:52 PM
नई दिल्ली। मई 2026 के लिए फ्री सेल कोटा उम्मीद से छोटा रहने तथा मांग एवं खपत बढ़ने की संभावना को देखते हुए चीनी का भाव आगामी समय मजबूत रहने के आसार हैं। गर्मी में अक्सर शीतल पेय पदार्थ और आइसक्रीम आदि के निर्माण में चीनी की भारी खपत होती है।
इसके साथ-साथ मई में लग्नसरा का भी सीजन है जिससे चीनी का उपयोग बढ़ने के अच्छे आसार हैं। मांग एवं खपत में होने वाली अच्छी बढ़ोत्तरी को देखते हुए मई माह की चीनी का फ्री सेल कोटा कुछ छोटा लगता है।
एक अग्रणी व्यापारिक फर्म के अनुसार मई में चीनी की घरेलू खपत यदि 24 लाख टन पर पहुंच जाए तो कोई हैरानी की बात नहीं होगी जबकि इसका कोटा 22.50 लाख टन ही नियत किया गया है।
चीनी उत्पादन का सीजन समाप्त हो चुका है और इसलिए मिलर्स का सारा ध्यान अब अपने स्टॉक की बिक्री पर केन्द्रित रहेगा। मिलर्स को अपनी व्यावसायिक रणनीति बनाने का अच्छा अवसर मिल रहा है।
अप्रैल में भी चीनी की घरेलू खपत अच्छी हुई जिससे मिलों को कोटा बिक्री में ज्यादा कठिनाई नहीं हुई। मई में भी सम्पूर्ण कोटे की बिक्री हो सकती है।
