बीटी कॉटन के बीज का एमआरपी जल्दी ही घोषित होने की संभावना
24-Mar-2026 04:29 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय द्वारा शीघ्र ही बीटी कपास के बीज का उच्चतम खुदरा मूल्य घोषित किए जाने की संभावना है क्योंकि कुछ राज्यों में इसकी बिजाई अगले महीने शुरू हो सकती है। बोल गार्ड 1 एवं बोल गार्ड (बीजी) 2 वैरायटी के कॉटन सीड का उच्चतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) सरकार द्वारा नियत की जाती है।
पिछले अनुभवों को देखते हुए चालू वर्ष के दौरान कॉटन बीज के एमआरपी में बढ़ोत्तरी होने की संभावना बहुत कम है मगर इस पर अंतिम निर्णय उच्च स्तर पर लिया जाएगा। 2024-25 सीजन के दौरान बोल गार्ड 2 का एमआरपी 864 रुपए प्रति पैकेट (450 ग्राम का प्रत्येक पैकेट) नियत किया गया था
जिसे 2025-26 के सीजन में 36 रुपए बढ़ाकर 900 रुपए प्रति पैकेट निर्धारित किया गया। जहां तक बोल गार्ड 1 का सवाल है तो इसका एमआरपी पिछले 10 साल से 635 रुपए प्रति पैकेट पर ही स्थिर बना हुआ है। उल्लेखनीय है कि सरकार ने वर्ष 2016 से बीटी कॉटन सीड के लिए मूल्य नियंत्रण चालू किया था।
2018-19 के सीजन में बोल गार्ड 2 का एमआरपी 710 रुपए प्रति पैकेट नियत किया गया था और 2019-20 में उसे इसी स्तर पर बरकरार रखा गया। 2023-24 की तुलना में 2024-25 सीजन के दौरान एमआरपी में केवल 1 प्रतिशत की वृद्धि हुई मगर 2025-26 में इसे 4 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ाया गया।
यदि एमआरपी में इजाफा नहीं हुआ तो भी 2026-27 के सीजन में स्वदेशी बीज उद्योग पर ज्यादा असर पड़ने की संभावना नहीं है।
