ब्राजील में सोयाबीन की 92 प्रतिशत फसल की कटाई-पूरी
27-Apr-2026 01:37 PM
रियो डी जेनेरियो। दुनिया में सोयाबीन के सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश- ब्राजील के पश्चिमी एवं उत्तरी भाग में पिछले सप्ताह हुई अच्छी वर्षा से खासकर पराना एवं माटो ग्रोसो डो सूल प्रान्त में फसल को फायदा हुआ। इसे देखते हुए केन्द्रीय एजेंसी- कोनाब ने राष्ट्रीय स्तर पर सोयाबीन का सकल उत्पादन तेजी से उछलकर 17.92 करोड़ टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है।
पिछले सप्ताह के अंत तक समूचे ब्राजील में करीब 92 प्रतिशत भाग में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी पूरी हो चुकी थी जो गत वर्ष 94 प्रतिशत तक पहुंच गई थी। मध्यवर्ती एवं पूर्वी राज्यों में मौसम शुष्क बना हुआ है जबकि देश के अधिकांश इलाकों में तापमान सामान्य स्तर से ऊंचा चल रहा है जिससे सफरीन्हा मक्का की फसल पर खतरा बना हुआ है।
ब्राजील में सोयाबीन के तीन शीर्ष उत्पादक राज्यों में माटो ग्रोसो, पराना एवं रियो ग्रैंड डो सूल शामिल हैं। इसमें दो अग्रणी प्रांतों- माटो ग्रोसो एवं पराना में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी लगभग समाप्त हो चुकी है जबकि रियो में बारिश की वजह से कटाई में बाधा पड़ रही है। वहां अभी 50 प्रतिशत फसल काटी गई है।
ब्राजील में सोयाबीन फसल की औसत उपज दर में विभिन्न क्षेत्रों में भारी अंतर देखा जा रहा है। मौसम की अनियमित एवं वर्षा की अनिश्चित स्थिति के कारण उपज दर में भिन्नता देखी जा रही है। रियो प्रान्त में यह उपज दर 2871 किलो प्रति हेक्टेयर आंकी गई है।
सरकारी एजेंसी- कोनाब ने अपनी नई मासिक रिपोर्ट में ब्राजील में 2025-26 सीजन के लिए सोयाबीन के बिजाई क्षेत्र का अनुमान 40 हजार हेक्टेयर बढ़ा दिया और इसकी औसत उपज दर सुधरकर 55 बुशेल प्रति एकड़ पर पहुंचने की संभावना जताई। इसके आधार पर देश में सोयाबीन का कुल उत्पादन बढ़कर 17.92 करोड़ टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने की उम्मीद है।
