बागवानी फसलों का उत्पादन 3708 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान

18-Mar-2026 01:24 PM

नई दिल्ली। केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने 2025-26 सीजन के दौरान बागवानी फसलों का उत्पादन सुधरकर 3708 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया है जो 2024-25 सीजन के उत्पादन 3707 लाख टन से कुछ अधिक है। इन फसलों का कुल बिजाई क्षेत्र करीब 301 लाख हेक्टेयर दर्ज किया गया जो गत वर्ष के बराबर ही रहा। 

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार 2023-24 के सीजन में बागवानी फसलों का कुल उत्पादन 3547 लाख टन हुआ था जो 2024-25 के सीजन में उछलकर 3707 लाख टन पर पहुंच गया

मगर 2025-26 के सीजन में देश में ज्यादा बढ़ोत्तरी होने की संभावना नहीं है। इसका बिजाई क्षेत्र भी 2023-24 सीजन के 291 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 2024-25 में 301 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा था जो 2025-26 के सीजन में स्थिर रहा। 

कृषि मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार सब्जियों का कुल उत्पादन 2024-25 सीजन के 2178 लाख टन से घटकर 2025-26 के सीजन में 2162 लाख टन पर सिमट जाने की संभावना है। वैसे मटर, हरी मिर्च एवं टमाटर आदि के उत्पादन में बढ़ोत्तरी के आसार हैं। 

दूसरी ओर इसी अवधि में फलों का कुल उत्पादन 10 लाख टन बढ़कर 1187 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है। इससे पूर्व 2024-25 के सीजन में भी उत्पादन 4.4 प्रतिशत बढ़ा था।

सुगन्धित एवं औषधीय गन वाले पौधों (जड़ी-बूटियों) का उत्पादन गत वर्ष के 9.01 लाख टन से सुधरकर इस बार 9.03 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है। 

मसालों का सकल उत्पादन बढ़कर 128 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान है। कृषि मंत्रालय के मुताबिक जीरा, लहसुन, अदरक (सौंठ) एवं हल्दी का उत्पादन बेहतर हो सकता है। पिछले साल उत्पादन 4 प्रतिशत बढ़कर 130 लाख टन पर पहुंच गया था।