बांग्ला देश में भारत के बजाए ब्राजील- अमरीका से मक्का का आयात बढ़ा

14-Apr-2026 03:48 PM

चटगांव। भारत यद्यपि बांग्ला देश को मक्का का प्रमुख परम्परागत आपूर्तिकर्ता देश रहा है लेकिन अब बांग्ला देश के आयातक भारत के बजाए ब्राजील तथा अमरीका जैसे दूरस्थ देशों से मक्का मंगाने लगे हैं। 

अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) के आंकड़ों से पता चलता है कि 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन के शुरूआती 10 महीनों के दौरान बांग्ला देश में करीब 15 लाख टन मक्का का आयात हुआ जिसमें से 78 प्रतिशत मक्का अकेले ब्राजील से मंगाया गया जबकि शेष 22 प्रतिशत का आयात अमरीका और भारत से किया गया। इन दोनों देशों की भागीदारी 11-11 प्रतिशत रही। 

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार वैश्विक बाजार भाव नीचे रहने से बांग्ला देश के फीड मिलर्स को भारी मात्रा में मक्का का आयात करके इसका विशाल स्टॉक बनाने का प्रोत्साहन मिला।

बांग्ला देश में करीब 70 लाख टन मक्का की वार्षिक जरूरत (मांग) रहती है जिसमें से अधिकांश जरूरत घरेलू उत्पादन से पूरी हो जाती है जबकि उसे 15-16 लाख टन मक्का का विदेशों से आयात करना पड़ता है।

वहां पॉल्ट्री, डेयरी एवं पशु आहार उद्योग का तेजी से विकास-विस्तार हो रहा है इसलिए मक्का की मांग एवं खपत भी बढ़ती जा रही है। बांग्ला देश में अमरीका से वर्ष 2018 के बाद पहली बार मक्का का आयात किया गया।