1 अप्रैल को 18.98 लाख टन खाद्य तेलों का स्टॉक मौजूद

14-Apr-2026 06:59 PM

मुम्बई। सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) द्वारा संकलित आंकड़ों से ज्ञात होता है कि 1 अप्रैल 2026 को भारतीय बंदरगाहों पर तथा पाइप लाइन में कुल मिलाकर 18.98 लाख टन खाद्य तेलों का स्टॉक मौजूद था जो 1 मार्च 2026 को उपलब्ध स्टॉक 18.70 लाख टन से 28 हजार टन ज्यादा था।

उसके तहत भारतीय बंदरगाहों पर 4.07 लाख क्रूड पाम तेल एवं क्रूड पाम कर्नेल तेल 6000 टन आरबीडी पमोलीन, 1.03 लाख टन क्रूड डिगम्ड सोयाबीन तेल तथा 93 हजार टन क्रूड सूरजमुखी तेल के साथ कुल 6.09 लाख टन खाद्य तेल का स्टॉक पड़ा हुआ था जबकि पाइप लाइन में 12.89 लाख टन का स्टॉक था। 

रिफाइंड खाद्य तेल (मुख्यतः आरबीडी पामोलीन) के आयात एवं स्टॉक में जोरदार गिरावट देखी जा रही है क्योंकि ज्यादा शुल्कांतर के कारण इसकी खरीद में भारतीय आयातकों की दिलचस्पी तेजी से घटती जा रही है।

2024-25 की तुलना में 2025-26 सीजन के शुरूआती पांच महीनों के दौरान भारत में खाद्य तेलों के कुल आयात में रिफाइंड तेल की भागीदारी 16 प्रतिशत से घटकर 3 प्रतिशत रह गई जबकि क्रूड तेल की हिस्सेदारी 84 प्रतिशत से उछलकर 97 प्रतिशत पर पहुंच गई। इस आंकड़े में नेपाल से होने वाला आयात शामिल नहीं है।