अप्रैल-जून के दौरान कई राज्यों में भीषण गर्मी एवं लू का प्रकोप रहने की संभावना

02-Apr-2024 01:05 PM

नई दिल्ली । भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने इस वर्ष अप्रैल- जून के दौरान देश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम काफी गर्म  और शुष्क रहने की संभावना व्यक्त करते हुए कहा है कि इस अवधि के दौरान 10 से 20 दिनों तक गर्म हवा की तेज लहर (लू) चल सकती है जिससे बचकर रहने की जरूरत पड़ेगी। 

मौसम विभाग के मुताबिक ग्रीष्मकाल का सीजन भारी गर्मी के साथ शुरू होगा और मध्य प्रदेश, उत्तरी एवं तटीय महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, लक्ष्यद्वीप, उड़ीसा, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, तेलंगाना तथा आंध्र प्रदेश में दिन का तापमान सामान्य स्तर से काफी ऊंचा रहेगा।

आमतौर पर हीट वेव (लू) का प्रकोप 1 से 3 दिन तक रहता है मगर इस बार यह 2 से 8 दिनों तक बरकरार रह सकता है। इसका ज्यादा प्रकोप आंध्र प्रदेश, सौराष्ट्र - कच्छ (गुजरात), महाराष्ट्र तथा मध्य प्रदेश के पश्चिमी भाग में अप्रैल के दौरान रहेगा। 

दूसरी ओर अप्रैल में मानसून-पूर्व की बारिश सामान्य औसत से कम होने की संभावना है। देश के तटवर्ती इलाकों प्रायद्वीपीय भारत के पूर्वी एवं दक्षिणी भाग में वर्षा कम होगी। ज्ञात हो कि फरवरी से ही वहां मौसम शुष्क बना हुआ है और इसका सिलसिला अप्रैल में भी जारी रह सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक इस बार ग्रीष्मकाल के दौरान देश के अधिकांश भागों में उच्चतम तापमान सामान्य स्तर से ऊंचा रह सकता है लेकिन जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्त्तरी उड़ीसा, इससे सटे पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र तथा पूर्वी भारत के कुछ क्षेत्रों में तापमान सामान्य या इससे कुछ नीचे रहने की संभावना है।