साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल

22-Aug-2026 07:40 PM

सीमित मंडियों में धान की आवक, चावल में बेहतर कारोबार  

नई दिल्ली। देश की गिनी चुनी मंडियों में ही फिलहाल बासमती एवं 'ए' ग्रेड के गैर बासमती धान की आवक हो रही है और इसकी मात्रा भी सीमित देखी जा रही है। 
दिल्ली 
दिल्ली की नरेला मंडी, छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा एवं राजिम मंडी, राजस्थान की कोटा एवं बूंदी मंडी, महाराष्ट्र की गोंडिया मंडी तथा उत्तर प्रदेश की इक्का-दुक्का मंडियों में ही 15-21 अगस्त वाले सप्ताह के दौरान धान का स्टॉक पहुंचा। मिलर्स- प्रोसेसर्स की थोड़ी-बहुत लिवाली होने से धान के दाम में कुछ बढ़ोत्तरी हुई।
भाव  
नरेला में 1509 कम्बाइन धान का भाव 73 रुपए बढ़कर 4133 रुपए प्रति क्विंटल हो गया। भाटापाड़ा में एचएमटी तथा तथा श्रीराम धान के मूल्य में 100-100 रुपए तथा महामाया के दाम में 200 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार आया जबकि विष्णु भोग का भाव 500 रुपए घटकर 3500 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। राजिम में धान का भाव लगभग स्थिर रहा। 
आवक 
वहां  6-7 हजार बोरी धान की दैनिक आवक हुई। राजस्थान के कोटा में रोजाना 1000 बोरी धान पहुंचा और सामान्य कारोबार के साथ इसका भाव पूर्व स्तर पर बरकरार रहा। 
चावल 
जहां तक चावल का सवाल है तो इसकी कीमतों में 100 से 300 रुपए प्रति क्विंटल तक की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। भाटापाड़ा में एचएमटी चावल का मूल्य 300 रुपए की वृद्धि के साथ 6000/6100 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा मगर श्रीराम एवं स्वर्ण चावल के मूल्य में 100-100 रुपए की गिरावट रही। 
पंजाब / अमृतसर 
पंजाब के अमृतसर में अधिकांश किस्मों एवं श्रेणियों के चावल की कीमतों में 150-200 रुपए की तेजी रही जबकि 1401 स्टीम चावल का दाम 300 रुपए बढ़कर 9700/9750 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 
खरीद 
हालांकि होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की निर्बाध एवं आसान आवाजाही अभी शुरू नहीं हुई है और लाल सागर में हुती विद्रोहियों का आतंक जारी है लेकिन फिर भी भारतीय निर्यातकों की दिलचस्पी बासमती चावल की खरीद में बनी हुई है। 
बेहतर कारोबार 
उत्तराखंड की नगर मंडी तथा राजस्थान की बूंदी मंडी के साथ-साथ दिल्ली के नया बाजार में भी बेहतर कारोबार के कारण विभिन्न हिस्सों के चावल के दाम में 200-300 रुपए की तेजी रही।