अक्टूबर में मलेशियाई पाम तेल का उत्पादन काफी बढ़ने का अनुमान

10-Nov-2025 01:45 PM

कुआलालम्पुर। सरकारी संस्था- मलेशियन पाम ऑयल बोर्ड (एम्पोब) का आधिकारिक आंकड़ा सामने आने से पूर्व उद्योग व्यापार क्षेत्र के अग्रणी विश्लेषकों ने जो अनुमान व्यक्त किया है उससे पता चलता है कि अक्टूबर 2025 के दौरान मलेशिया में पाम तेल का उत्पादन बढ़कर पिछले दो साल के उच्च स्तर पर पहुंचा। अब एम्पोब ने भी अपना आंकड़ा जारी कर दिया है। 

एम्पोब की रिपोर्ट के अनुसार सितम्बर की तुलना में अक्टूबर 2025 के दौरान मलेशिया में क्रूड पाम तेल (सीपीओ) का उत्पादन 11 प्रतिशत उछलकर 20.44 लाख टन की ऊंचाई पर पहुंच गया।

हालांकि समीक्षाधीन अवधि में मलेशिया में पाम तेल उत्पादों का निर्यात भी 18.6 प्रतिशत की जोरदार वृद्धि के साथ 16.93 लाख टन के ऊंचे स्तर पर पहुंचा लेकिन इसके बावजूद आयात एवं घरेलू उपयोग में कमी आने के कारण पाम तेल का बकाया अधिशेष स्टॉक अक्टूबर के अंत में 4.44 प्रतिशत सुधरकर 24.64 लाख टन से ऊपर पहुंच गया।

दिलचस्प तथ्य यह है कि सितम्बर के मुकाबले अक्टूबर में प्रोसेस्ड (रिफाइंड) पाम तेल का बकाया स्टॉक 9.5 प्रतिशत घटकर 9.91 लाख टन पर अटक गया लेकिन क्रूड पाम तेल का स्टॉक 16.55 प्रतिशत उछलकर 14.74 लाख टन पर पहुंच गया।

इसी अवधि के दौरान मलेशिया में पाम तेल का आयात 53.7 प्रतिशत लुढ़ककर 36 हजार टन रह गया। एम्पोब के अनुसार अक्टूबर के अंत में पाम कर्नेल तेल का स्टॉक 3.2 प्रतिशत सुधरकर 2.99 लाख टन पर पहुंचा।

उद्योग व्यापार क्षेत्र ने अक्टूबर के दौरान मलेशिया में पाम तेल का उत्पादन 7 प्रतिशत बढ़कर 19.70 लाख टन तथा बकाया स्टॉक 8.4 प्रतिशत बढ़कर 25.60 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया था। पाम तेल का निर्यात 5 प्रतिशत सुधरकर 15 लाख टन पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई थी।