अगस्त में सोयामील के उत्पादन एवं निर्यात में भारी गिरावट

17-Sep-2026 10:49 AM

इंदौर। प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में सोयाबीन की आपूर्ति कम होने तथा भाव ऊंचा रहने से क्रशिंग-प्रोसेसिंग इकाइयों को इसकी खरीद सीमित रखनी पड़ी। इससे सोयाबीन डीओसी का उत्पादन घट गया। इसी तरह सोयामील का दाम अंतर्राष्ट्रीय बाजार में गैर प्रतिस्पर्धी होने से इसके निर्यात में भी भारी गिरावट आ गई। वैसे इसकी घरेलू मांग मजबूत बनी रही। 

इंदौर स्थित संस्था- सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सोपा) की रिपोर्ट के अनुसार भारत से सोयामील का निर्यात अगस्त 2025 में 1.50 लाख टन की तुलना में अगस्त 2026 के दौरान 83 प्रतिशत से ज्यादा घटकर 25 हजार टन पर अटक गया। इस तरह पिछले साल की तुलना में चालू मार्केटिंग सीजन के दौरान लगातार नौवें माह में भी सोयामील के निर्यात में गिरावट दर्ज की गई। रिपोर्ट के अनुसार चालू मार्केटिंग सीजन में अक्टूबर 2025 से अगस्त 2026 के 11 महीनों के दौरान देश से केवल 9.97 लाख टन सोयामील का शिपमेंट हो सका जो 2024-25 सीजन की समान अवधि के निर्यात 18.60 लाख टन से 46 प्रतिशत कम रहा। 

सोपा की रिपोर्ट के मुताबिक अगस्त 2026 में सोयामील का घरेलू उत्पादन गिरकर 6-12 लाख टन रह गया जो अगस्त 2025 के उत्पादन 7.10 लाख टन से 14 प्रतिशत कम रहा। इसी तरह चालू मार्केटिंग सीजन के आरंभिक 11 महीनों में सोयामील का सकल घरेलू उत्पादन 76.70 लाख टन पर पहुंच सका जो पिछले मार्केटिंग सीजन के उत्पादन 82.90 लाख टन से करीब 7 प्रतिशत कम है। अगस्त 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर करीब 3.50 लाख टन सोयाबीन की आवक हुई जो अगस्त 2025 में 4 लाख टन दर्ज की गई थी।