उत्पादन घटने की संभावना से हल्दी का भाव मजबूत
16-Feb-2026 08:35 PM
मुम्बई। वर्तमान समय में हल्दी का भाव करीब 14,355 रुपए प्रति क्विंटल बताया जा रहा है जो एक साल पूर्व के मूल्य स्तर 10,689 रुपए प्रति क्विंटल से काफी ऊंचा है। उधर एनसीडीईएक्स पर अप्रैल अनुबंध के लिए हल्दी का वायदा मूल्य गत सप्ताह के अंत में 15,090 रुपए प्रति क्विंटल दर्ज किया गया जबकि दिसम्बर 2025 में अप्रैल 2026 के लिए वायदा भाव बढ़कर 17,000 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया था।
हल्दी के दाम में मजबूती आने का एक कारण इसका उत्पादन आरंभिक अनुमान से कम होना माना जा रहा है। 2024-25 सीजन के लिए केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने पहले 12.04 लाख टन हल्दी के घरेलू उत्पादन की संभावना व्यक्त की थी मगर तीसरे अग्रिम अनुमान में इस आंकड़े को घटाकर 11.48 लाख टन नियत कर दिया। 2025-26 के वर्तमान सीजन में हल्दी का कुल घरेलू उत्पादन 11.40 लाख टन के आसपास होने की संभावना व्यक्त की गई है।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार जटिल आपूर्ति एवं निर्यातकों तथा फार्मा उद्योग की मजबूत मांग के कारण भी हल्दी की कीमतों में तेजी-मजबूती का माहौल देखा जा रहा है।
कई एफपीओ द्वारा अच्छी मात्रा में हल्दी की हेजिंग की जा रही है ताकि ऊंचे दाम पर इसकी बिक्री सुनिश्चित की जा सके। कुछ एफपीओ स्पॉट मार्केट में भी ऊंची कीमत पर हल्दी की बिक्री करके अच्छी आमदनी प्राप्त कर रहे हैं।
नए माल की जोरदार आपूर्ति आरंभ होने के बाद इस महत्वपूर्ण मसाले के दाम में कुछ समय के लिए थोड़ी नरमी आने की संभावना है लेकिन उसके बाद बाजार सामान्य अवस्था में लौट सकता है। भारत दुनिया में हल्दी का सबसे प्रमुख उत्पादक, उपभोक्ता एवं निर्यातक देश है। चालू वित्त वर्ष में हल्दी का निर्यात प्रदर्शन बेहतर चल रहा है जबकि घरेलू प्रभाग में भी इसकी मांग मजबूत बनी हुई है। इससे कीमत मजबूत रहने की संभावना है।
