Home News

दक्षिण भारत के सूखाग्रस्त राज्यों में जोरदार बारिश की संभावना

22-Sep-2026 07:32 PM

दक्षिण भारत के सूखाग्रस्त राज्यों में जोरदार बारिश की संभावना

तिरुअनन्तपुरम। दक्षिणी प्रायद्वीप के पांचों प्रमुख राज्यों- तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु एवं केरल में इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून सीजन के दौरान सामान्य औसत से कम बारिश हुई जिससे न केवल खरीफ फसलों के बिजाई क्षेत्र में कमी आ गई बल्कि इसकी प्रगति में भी बाधा उत्पन्न हो गई लेकिन अब मौसम विभाग ने इन प्रांतों में अत्यन्त मूसलाधार वर्षा होने की चेतावनी जारी की है। 

मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी तटवर्ती क्षेत्र वाले राज्यों- आंध्र प्रदेश, उड़ीसा एवं पश्चिम बंगाल में भी अत्यन्त भारी बारिश होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौजूद कम दाब का क्षेत्र पूरी तरह परिपक्व होकर डिप्रेशन में बदलने लगा है जिससे तटवर्ती राज्यों में तेज हवा के साथ भारी बारिश होने की संभावना है। 

दक्षिण-पश्चिम मानसून अब देश के पश्चिमोत्तर क्षेत्र में प्रस्थान करने लगा है और इसकी विदाई के लिए परिस्थितियां भी काफी हद तक अनुकूल होती जा रही हैं। राजस्थान, गुजरात एवं पंजाब से मानसून अगले कुछ दिनों में तथा 15 अक्टूबर  तक समूचे देश से प्रस्थान कर सकता है। लेकिन वापस लौटने के क्रम में देश के कई राज्यों को मानसून भारी बारिश की सौगात दे सकता है जिसमें दक्षिण भारत के प्रान्त भी शामिल हैं वहां इस बार सूखे का गंभीर प्रकोप देखा जा रहा है।