Home News

शुरुआती 7 महीनों में 36.10 लाख टन दलहनों का आयात

22-Sep-2026 06:09 PM

शुरुआती 7 महीनों में 36.10 लाख टन दलहनों का आयात

मुम्बई। एक अग्रणी व्यापारिक संस्था- इंडिया पल्सेस एंड ग्रेन्स एसोसिएशन (आईपीजीए) द्वारा संकलित केन्द्रीय वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों से पता चलता है कि चालू कैलेंडर वर्ष के शुरुआती 7 महीनों में यानी जनवरी-जुलाई 2026 के दौरान देश में दलहनों का आयात बढ़कर 36.10 लाख टन पर पहुंच गया जो वर्ष 2025 के इन्हीं महीनों के आयात 34.70 लाख टन से 140 लाख टन या करीब 4 प्रतिशत अधिक रहा। 

एसोसिएशन की रिपोर्ट के अनुसार समीक्षाधीन अवधि के दौरान मसूर, तुवर एवं पीली मटर के आयात में बढ़ोत्तरी हुई जबकि चना तथा उड़द का आयात घट गया। अप्रैल-जुलाई 2026 के चार महीनों में दलहनों का आयात 62 प्रतिशत उछलकर 17.30 लाख टन पर पहुंच गया।

रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2025 के मुकाबले वर्ष 2026 के आरंभिक सात महीनों में मसूर का आयात 6,63,583 टन से 73 प्रतिशत उछलकर 11.50 लाख टन, अरहर (तुवर) का आयात 4,00892 टन से 44 प्रतिशत बढ़कर 5,79,147 टन तथा पीली मटर का आयात 6,57,110 टन से 4 प्रतिशत सुधरकर 7,29,456  

दूसरी ओर इसी अवधि के दौरान देसी चना का आयात 11.70 लाख टन से 45 प्रतिशत घटकर 6,41,564 टन तथा उड़द का आयात 4,58,860 टन से 14 प्रतिशत गिरकर 3,94,535 टन रह गया। अन्य दलहनों का आयात भी 1,16,266 टन से फिसलकर 1,15,335 टन पर अटक गया। जहां तक वर्तमान वित्त वर्ष के शुरुआती चार महीनों यानी अप्रैल-जुलाई 2026 की बात है तो इस अवधि में मसूर का आयात तीन गुणा से ज्यादा उछलकर 5,77,939 टन, पीली मटर का आयात 92 प्रतिशत बढ़कर 5,24,565 टन (2,73,817 टन) तथा अरहर (तुवर) का आयात 7 प्रतिशत सुधरकर 3,11,942 टन पर पहुंच गया। इसी तरह चना का आयात 27,802 टन से 155 प्रतिशत उछलकर 71,079 टन पर पहुंचा मगर उड़द के आयात में 20 प्रतिशत तथा अन्य दलहनों के आयात में 5 प्रतिशत की कमी आई।