थोक महंगाई दर जनवरी में बढ़कर 1.81 प्रतिशत पर पहुंची
18-Feb-2026 01:19 PM
नई दिल्ली। थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित महंगाई की दर दिसम्बर 2025 के 0.83 प्रतिशत से उछलकर जनवरी 2026 में 1.81 प्रतिशत पर पहुंच गई जो पिछले 10 महीनो का सबसे ऊंचा स्तर है। विभिन्न सब्जियों के दाम में हुई वृद्धि तथा आधारभूत धातुओं के साथ-साथ वस्त्र उत्पादों की कीमतों में इजाफा होने से थोक महंगाई बढ़ गई।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आकड़ो से पता चलता है कि दिसंबर की तुलना में जनवरी के दौरान कई निर्मित (मैन्युफैक्चर्स) उत्पादों गैर खाद्य वस्तुओं तथा खाद्य पदार्थो की कीमतों में भी इजाफा दर्ज किया गया। उल्लेखनीय है कि थोक मूल्य सूचकांक पर आधारित महंगाई की दर अक्टूबर 2025 में (-) 1 प्रतिशत तथा नवंबर में (-) 0.13 प्रतिशत रही थी जो दिसंबर में बढ़कर 0.83 प्रतिशत एवं जनवरी में 1.81 प्रतिशत पर पहुंच गई वैसे जनवरी 2025 में यह महंगाई दर 2.51 प्रतिशत के उच्च स्तर पर थी जिसके मुकाबले जनवरी 2026 में इसका स्तर काफी नीचे रहा।
थोक महंगाई में प्राथमिक उत्पादों का योगदान 22.62 प्रतिशत रहा और इसकी महंगाई दर बढ़कर 2.2 प्रतिशत हो गई खाद्य उत्पादों की महंगाई दर ऋणात्मक सीमा से बाहर निकलकर धनात्मक परिधि में आ गई। पिछले साल नौ लगातार महीनो तक इसमें गिरावट का माहौल बना रहा। दिसंबर में यह (-) 0.43 प्रतिशत थी मगर जनवरी 2025 में 1.55 प्रतिशत पर पहुंच गई थी। आमतौर पर दिसंबर की तुलना में जनवरी के दौरान चावल, दाल, गेहूं, खाद्य तेल एवं चीनी आदि के दाम में काफी हद तक स्थिरता बनी रही मगर आलू, प्याज एवं टमाटर सहित अन्य सब्जियों का भाव तेज देखा गया।
