तेलंगाना में खरीफ फसलों का रकबा गत वर्ष से कुछ आगे

30-Jul-2026 10:49 AM

हैदराबाद। दक्षिण भारत में धान तथा कपास के सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य- तेलंगाना में खरीफ फसलों की बिजाई में अच्छी प्रगति देखी जा रही है। वहां इस वर्ष 29 जुलाई तक खरीफ फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र बढ़कर 82.66 लाख एकड़ पर पहुंच गया जो गत वर्ष की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 82.16 लाख एकड़ से 50 हजार एकड़ ज्यादा है। 

राज्य कृषि विभाग की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार पिछले साल की तुलना में चालू खरीफ सीजन के दौरान तेलंगाना में धान एवं मोटे अनाजों का कुल उत्पादन क्षेत्र 27.54 लाख एकड़ से घटकर 25.35 लाख एकड़ रह गया। वर्षा की कमी के कारण धान का क्षेत्रफल 21.82 लाख एकड़ से गिरकर 20.46 लाख एकड़ तथा मक्का का बिजाई क्षेत्र 5.40 लाख एकड़ से घटकर 4.70 लाख एकड़ पर अटक गया। ज्वार और रागी की बिजाई भी कम क्षेत्रफल में हुई है। 

दलहन फसलों का उत्पादन क्षेत्र पिछले साल के 5.01 लाख एकड़ से सुधरकर इस बार 5.25 लाख एकड़ पर पहुंचा है। इसके तहत अरहर (तुवर) का बिजाई क्षेत्र 4.33 लाख एकड़ से सुधरकर 4.43 लाख एकड़ तथा मूंग का रकबा 51 हजार एकड़ से बढ़कर 63 हजार एकड़ पर पहुंचा। उड़द का क्षेत्रफल 17 हजार एकड़ रहा जो गत वर्ष 16 हजार एकड़  दर्ज किया गया था। 

इसी तरह तिलहन फसलों का रकबा भी पिछले साल के 3.56 लाख एकड़ से बढ़कर इस बार 3.72 लाख एकड़ हो गया। इसके तहत खासकर सोयाबीन का बिजाई क्षेत्र 3.53 लाख एकड़ से बढ़कर 3.67 लाख एकड़ पर पहुंचा जबकि मूंगफली एवं अरंडी की खेती सीमित क्षेत्रफल में हुई। 

तेलंगाना में कपास का उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 43.03 लाख एकड़ से उछलकर इस बार 46.34 लाख एकड़ पर पहुंच गया। इसी तरह वहां गन्ना का रकबा भी 22 हजार एकड़ से बढ़कर 38 हजार एकड़ पर पहुंच गया। राज्य के विभिन्न भागों में अब अच्छी बारिश होने लगी है।

Latest News