News Capsule/न्यूज कैप्सूल: कनाडा: सस्केचेवान में अधिक बारिश के बाद तेज गर्मी से दलहन फसलों पर दोहरा खतरा, उत्पादन और गुणवत्ता पर असर की आशंका

30-Jul-2026 10:23 AM

News Capsule/न्यूज कैप्सूल: कनाडा: सस्केचेवान में अधिक बारिश के बाद तेज गर्मी से दलहन फसलों पर दोहरा खतरा, उत्पादन और गुणवत्ता पर असर की आशंका
★ कनाडा के प्रमुख दलहन उत्पादक प्रांत सस्केचेवान में अत्यधिक वर्षा के बाद अब तेज गर्मी ने चना, मसूर और अन्य दलहन फसलों के लिए नई चुनौती खड़ी कर दी है। जलभराव के बाद बढ़ते तापमान से फसलों में उत्पादन और गुणवत्ता प्रभावित होने का खतरा बढ़ गया है।
★ सस्केचेवान सरकार के अनुसार, कई क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण खेतों में जलभराव हो गया, जिससे दलहन फसलें प्रभावित हुई हैं। लंबे समय तक पानी भरे रहने से कई स्थानों पर पौधे नष्ट हो गए हैं, जबकि कई खेतों में पीलापन, भूरापन और उपज में कमी देखी जा रही है। यह समस्या पूरे प्रांत में समान रूप से नहीं बल्कि अलग-अलग क्षेत्रों और खेतों में देखने को मिल रही है।
★ 20 जुलाई तक के आंकड़ों के अनुसार प्रांत की 76 प्रतिशत दलहन फसलें सामान्य विकास अवस्था में थीं, जबकि 21 प्रतिशत फसलें पिछड़ रही थीं और केवल 3 प्रतिशत फसलें सामान्य से आगे थीं। 
★ अब मौसम तेजी से बदल रहा है और कई क्षेत्रों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। दक्षिण-पश्चिमी सस्केचेवान के लीडर क्षेत्र में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। जलभराव के बाद तेज गर्मी फसलों में 'हीट ब्लास्ट' का खतरा बढ़ा सकती है।
★ इसके अलावा, नमी और गर्म मौसम के कारण फफूंदजनित रोगों का प्रकोप बढ़ने की भी आशंका है। विशेष रूप से काबुली चना में एस्कोकाइटा (Ascochyta) और मसूर में एन्थ्रेक्नोज (Anthracnose) रोग के फैलने के लिए मौसम अनुकूल बन रहा है।
★ अच्छी गुणवत्ता और संतोषजनक उत्पादन के लिए आने वाले दिनों में तापमान 30 डिग्री के बजाय 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहना चाहिए। साथ ही अत्यधिक वर्षा के बजाय समय पर हल्की बारिश और जलभराव से बचाव फसलों के लिए सबसे अनुकूल स्थिति होगी।