तेज हवा एवं बेमौसमी वर्षा से गेहूं की फसल प्रभावित

24-Mar-2026 01:18 PM

नई दिल्ली। पिछले सप्ताह तेज हवा के साथ हुई बेमौसमी वर्षा से पंजाब, हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश जैसे राज्य में गेहूं की फसल को कुछ नुकसान होने की आशंका है। देश के विभिन्न भागों में आंधी-वर्षा से फसलों को हुई क्षति के बारे में केन्द्र सरकार को अभी कोई रिपोर्ट नहीं मिली है लेकिन जानकारों का मानना है कि इस प्राकृतिक आपदा से गेहूं की 5-7 प्रतिशत फसल क्षतिग्रस्त हो गई।

कृषि विशेषज्ञों के अनुसार जिन इलाकों में आंधी-वर्षा से 1-2 दिन पूर्व किसानों ने गेहूं फसल की सिंचाई की थी वहां नुकसान की आशंका ज्यादा है।

अधिकांश क्षेत्रों में फसल परिपक्व होने लगी है और तेज हवा के प्रवाह से पौधे जमीन पर गिर पड़े। वैसे यह क्षति मामूली आंकी जा रही है और इसका दायरा भी सीमित माना जा रहा है लेकिन किसानों को गेहूं की औसत उपज दर में कमी आने के साथ-साथ दाने की क्वालिटी भी प्रभावित होने की आशंका है। 

उत्तर प्रदेश, हरियाणा तथा पंजाब में गेहूं की फसल पर इस प्राकृतिक आपदा का अपेक्षाकृत ज्यादा प्रभाव पड़ने की आशंका है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा ने फसल को क्षतिग्रस्त कर दिया। 

गेहूं की अगैती बिजाई वाली फसल की कटाई-तैयारी शुरू हो चुकी है और राष्ट्रीय स्तर पर करीब 4 प्रतिशत क्षेत्र में फसल काटी जा चुकी है।

इसमें गुजरात, कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश एवं राजस्थान  जैसे राज्य शामिल हैं। पंजाब, हरियाणा एवं उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में अगले महीने से फसल की कटाई जोर पकड़ सकती है।