पेट्रोल में एथनॉल के मिश्रण का लक्ष्य बढ़ाने का आग्रह

24-Mar-2026 12:46 PM

मुम्बई। एथनॉल, बायो एनर्जी एवं पोटेबल अल्कोहल निर्माताओं की शीर्ष संस्था- ऑल इंडिया डिस्टीलर्स एसोसिएशन ने सरकार से पेट्रोल में एथनॉल के मिश्रण का लक्ष्य 20 प्रतिशत से बढ़ाकर 30 प्रतिशत नियत करने का आग्रह किया है।

एसोसिएशन के अनुसार सरकार को एथनॉल मिश्रित पेट्रोल के उपयोग का दायरा बढ़ाने पर भी ध्यान देना चाहिए। घरेलू एवं औद्योगिक कुकिंग में इसका इस्तेमाल बढ़ाया जा सकता है। 

केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री को भेजे एक पत्र में एसोसिएशन ने पेट्रोल की भांति डीजल में भी एथनॉल के मिश्रण की संभावना तलाशने का सुझाव दिया है ताकि ऊर्जा खर्च में कमी आ सके और देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती मिल सके। 

एसोसिएशन का कहना है कि पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथनॉल के मिश्रण का लक्ष्य वर्ष 2025 में नियत समय से पूर्व ही हासिल हो गया इसलिए अब इसे बढ़ाया जाना चाहिए।

स्वदेशी उद्योग नए लक्ष्य के अनुरूप एथनॉल की आपूर्ति करने के लिए तैयार है। सरकार ने इस सम्बन्ध में कुछ सकारात्मक संकेत दिए हैं जिससे उद्योग की उम्मीद बढ़ी है।