पॉल्ट्री उद्योग द्वारा 15 लाख टन सोया मील के आयात की अनुमति देने का आग्रह

24-Mar-2026 01:46 PM

नई दिल्ली। सोयाबीन का उत्पादन घटने से सोया मील की आपूर्ति एवं उपलब्धता सीमित होने के कारण कीमतों में तेजी-मजबूती का माहौल बना हुआ है जिससे पॉल्ट्री सहित अन्य खपतकर्ता उद्योगों को कठिनाई होने की आशंका है। इसे देखते हुए पॉल्ट्री फेडरेशन ऑफ इंडिया ने सरकार से 15 लाख टन जीएम सोया मील के आयात की अनुमति देने का आग्रह किया है। इससे उद्योग को राहत मिलेगी। 

हालांकि केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने 2025-26 सीजन के दौरान 127.20 लाख टन सोयाबीन के घरेलू उत्पादन का अनुमान लगाया है लेकिन इंदौर स्थित संस्था- सोयाबीन प्रोसेसर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सोपा) ने उत्पादन 2024-25 सीजन के 125.80 लाख टन से घटकर 105.30 लाख टन और अमरीकी कृषि विभाग ने 15 प्रतिशत गिरकर 107 लाख टन रह जाने की संभावना व्यक्त की है। 

पॉल्ट्री उद्योग का कहना है कि प्रोटीन से समृद्ध सोया मील की निर्बाध एवं पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित  करने के लिए विदेशों से इसका आयात होना आवश्यक है ताकि ऑफ सीजन में इसकी समुचित उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। सोयाबीन में वायदा कारोबार पर 31 मार्च 2026 तक प्रतिबंध लगा हुआ है जिसका समय अत्यंत निकट आ गया है।