सोयाबीन तेल के आयात में भारी गिरावट आने का उस्डा का अनुमान

07-Apr-2026 11:23 AM

मुम्बई। अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) का कहना है कि 2024-25 के मार्केटिंग सीजन (नवम्बर-अक्टूबर) के दौरान भारत में सोयाबीन तेल का आयात तेजी से उछलकर 54.71 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच गया था जो 2025-26 के सीजन में घटकर 42.50 लाख टन पर सिमट सकता है।

फिर भी यह अब तक का दूसरा सबसे बड़ा आयात होगा। इससे पूर्व 2021-22 के सीजन में 42.31 लाख टन सोया तेल मंगाया गया था जबकि 2022-23 में 39.68 लाख टन और 2023-24 के सीजन में 33.08 लाख टन सोयाबीन तेल का आयात हुआ था। 

उस्डा की रिपोर्ट के अनुसार 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन के दौरान 15.27 लाख टन के पिछले बकाया स्टॉक, 16.70 लाख टन के उत्पादन तथा 42.50 लाख टन के संभावित आयात के साथ भारत में सोयाबीन तेल की कुल उपलब्धता 74.47 लाख टन पर पहुंचने की संभावना है।

इसमें से 65.70 लाख टन सोया तेल का घरेलू उपयोग तथा 15 हजार टन का निर्यात हो सकता है। इसके बाद मार्केटिंग सीजन के अंत में 8.62 लाख टन का अधिशेष स्टॉक बच जाएगा। भारत में मुख्यतः अर्जेन्टीना  एवं ब्राजील से सोयाबीन तेल मंगाया जाता है।