इंडोनेशिया में 1 जुलाई से बी 50 प्रोग्राम लागू होने की संभावना

07-Apr-2026 12:17 PM

जकार्ता। दक्षिण-पूर्व एशिया में अवस्थित देश- इंडोनेशिया में बायो डीजल निर्माण में 50 प्रतिशत पाम तेल के अनिवार्य उपयोग का नियम यानी बी 50 प्रोग्राम 1 जुलाई 2026 से लागू हो सकता है। छह माह तक इस सम्बन्ध में किये गए परीक्षण का सकारात्मक परिमाण सामने आया इसलिए अब सरकार इसे लागू करने पर गम्भीरतापूर्वक विचार कर रही है। 

बी 50 मिश्रण में 50 प्रतिशत क्रूड पाम तेल (सीपीओ) तथा 50 प्रतिशत जीवाश्म डीजल होता है। पिछले छह महीने से भारी मशीन, जहाज, रेल गाड़ी एवं ट्र्क आदि में इसके इस्तेमाल का परीक्षण किया जा रहा था और कहीं से किसी तरह की गड़बड़ी की कोई शिकायत नहीं मिलने से अब सरकार वैधानिक तौर   पर इसके इस्तेमाल की स्वीकृति दे सकती है।

ऊर्जा मंत्री के अनुसार इस आशय से प्रोग्राम को शीघ्र ही अंतिम रूप दिया जाएगा और यह 1 जुलाई से लागू हो सकता है। व्यापार विश्लेषकों का कहना है कि इंडोनेशिया में इस प्रोग्राम के लागू होने के बाद पाम तेल के निर्यात योग्य स्टॉक में कमी आएगी और उसका दाम बढ़ सकता है। इससे मलेशिया के पाम तेल उद्योग को सीधा फायदा होगा।