सस्कैचवान प्रान्त में फसलों की बिजाई गत वर्ष से धीमी
24-May-2024 04:53 PM
सस्काटून । कनाडा के सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक राज्य- सस्कैचवान में यद्यपि अब बसंतकालीन फसलों की बिजाई की गति तेज होने लगी है लेकिन फिर भी कुछ क्षेत्रफल 20 मई तक 56 प्रतिशत पर ही पहुंच सका जो गत वर्ष की समान अवधि के 68 प्रतिशत से काफी पीछे है।
वर्षा की वजह से अनेक क्षेत्रों में बिजाई देर से शुरू हुई मगर अब धीरे-धीरे इसकी रफ्तार बढ़ती जा रही है। बसंतकालीन फसलों का इस अवधि के लिए पंचवर्षीय औसत क्षेत्र 76 प्रतिशत और 10 वर्षीय औसत क्षेत्रफल 74 प्रतिशत है जिसके मुकाबले इस बार रकबा काफी पीछे है।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार बसंतकालीन फसलों की बिजाई सस्कैचवान प्रान्त के दक्षिणी पश्चिमी भाग में 64 प्रतिशत, पश्चिमोत्तर क्षेत्र में 63 प्रतिशत एवं दक्षिण पूर्वी इलाके में 61 प्रतिशत पूरी हो चुकी है।
इसके अलावा मध्य पूर्वी भाग में 54 प्रतिशत, पूर्वोत्तर क्षेत्र में 48 प्रतिशत तथा मध्य पश्चिमी इलाके में 47 प्रतिशत बिजाई होने की सूचना है।
पिछले सप्ताह राज्य के विभिन्न भागों में अच्छी बारिश हुई जिन इलाकों में सामान्य वर्षा हुई वहां फसलों की बिजाई की गति तेज रही मगर जहां मूसलाधार वर्षा हुई वहां खेतों की मिटटी में नमी का अंश सामान्य स्तर से ज्यादा (अधिशेष) है जबकि 89 प्रतिशत में पर्याप्त तथा 5 प्रतिशत भाग में सामान्य से कम है।
अगैती बिजाई वाली फसल के बीज में अंकुरण होने लगा है और कुल मिलाकर इसकी स्थिति अच्छी बताई जा रही है। सस्कैचवान प्रान्त में गेहूं, कैनोला, मसूर, मटर एवं मक्का सहित कई अन्य फसलों का उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है। वहां से इसका भारी निर्यात भी किया जाता है।
