मक्का का घरेलू उत्पादन बढ़कर 430 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान

06-Apr-2026 12:58 PM

नई दिल्ली। मौसम की हालत पूरी तरह अनुकूल नहीं होने के बावजूद बिजाई क्षेत्र में हुई अच्छी बढ़ोत्तरी के कारण मक्का के घरेलू उत्पादन का प्रदर्शन बेहतर रहने की उम्मीद है।

अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) की एक रिपोर्ट के अनुसार भारत में मक्का का सकल उत्पादन 2024-25 सीजन के 422.81 लाख टन से बढ़कर 2025-26 के सीजन में 430 लाख टन पर पहुंच जाने की संभावना है। इसमें खरीफ, रबी एवं जायद-तीनों सीजन की कुल पैदावार सम्मिलित हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान भारत में 22.80 लाख टन के बकाया स्टॉक 430 लाख टन के उत्पादन तथा 5 लाख टन के संभावित आयात के साथ मक्का की कुल उपलब्धता 457.80 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है।

इसमें से 440 लाख टन की घरेलू खपत होगी और 3.50 लाख टन का निर्यात हो सकता है। इसके बाद मार्केटिंग सीजन के अंत में 14.30 लाख टन मक्का का अधिशेष स्टॉक बच जाएगा।  

रिपोर्ट के आंकड़ों से पता चलता है कि 2024-25 सीजन के दौरान भारत में 28.22 लाख टन मक्का का पिछला बकाया स्टॉक मौजूद था और 422.81 लाख टन के उत्पादन तथा 2.79 लाख टन के आयात के साथ इसकी कुल उपलब्धता 453.82 लाख टन पर पहुंची थी।

उसमें से 425 लाख टन का घरेलू उपयोग तथा 6.03 लाख टन का निर्यात हुआ और सीजन के अंत में 22.79 लाख टन का स्टॉक बच गया।