Home News

सरसों की बिजाई क्षेत्र में कमी आने से उत्पादन घटने की आशंका

13-Nov-2026 06:03 PM

सरसों की बिजाई क्षेत्र में कमी आने से उत्पादन घटने की आशंका

नई दिल्ली। रबी सीजन की सबसे प्रमुख तिलहन फसल- सरसों के बिजाई क्षेत्र में इस वर्ष भारी बढ़ोत्तरी की उम्मीद की जा रही थी क्योंकि इसका थोक मंडी भाव उछलकर शीर्ष स्तर पर पहुंच जाने से किसानों को आकर्षक आमदनी प्राप्त हो रही है जिससे इस तिलहन फसल की खेती के प्रति उसका उत्साह एवं आकर्षण बढ़ने की संभावना थी। इसके साथ-साथ केन्द्र सरकार ने सरसों के न्यूनतम समर्थन मूल्य में भी 400 रुपए प्रति क्विंटल से अधिक की बढ़ोत्तरी कर दी है। 

लेकिन इस सकारात्मक पहलुओं के बावजूद सरसों के उत्पादन क्षेत्र में भारी गिरावट आने के संकेत मिल रहे हैं। इस वर्ष 6 नवम्बर तक सरसों का घरेलू उत्पादन क्षेत्र 40.31 लाख हेक्टेयर पर ही पहुंच सका जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 54.02 लाख हेक्टेयर से 13.71 लाख हेक्टेयर कम है। 

हालांकि सप्ताह-दर-सप्ताह सरसों के क्षेत्रफल में अच्छी प्रगति हो रही है लेकिन इसकी गति पिछले साल से धीमी देखी जा रही है। बिजाई की यह स्थिति उत्साहवर्धक तो दूर, संतोषजनक भी नहीं है खासकर यह देखते हुए की सरसों की खेती का आदर्श समय अगले दो सप्ताहों में समाप्त होने वाला है। 

दरअसल दक्षिण-पश्चिम मानसून की वर्षा कुछ ऐसे इलाकों में काफी कम हुई जहां सरसों की खेती बड़े पैमाने पर की जाती है। यद्यपि प्रमुख उत्पादक राज्यों- राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, पश्चिम बंगाल और बिहार आदि में कुल मिलाकर सूखे की स्थिति नहीं रही लेकिन वहां वर्षा का वितरण असमान रहने से किसानों को सरसों की बिजाई में कठिनाई हो रही है। 

सरसों के क्षेत्रफल में आगे सुधार आने के आसार हैं लेकिन कुल रकबा गत वर्ष के स्तर तक पहुंचने में संदेह है।