Home News
13-Nov-2026 06:40 PM
दाल मिलों की कमजोर खरीदारी के चलते घरेलू बाजार में उड़द, चना और आयातित मसूर की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। वहीं, तुअर में उतार-चढ़ाव रहा, जबकि देसी मसूर और मूंग के भाव स्थिर बने रहे। केंद्र सरकार द्वारा दालों की कीमतों की समीक्षा और स्टॉक की उपलब्धता पर निगरानी बढ़ाने से भी बाजार में दबाव बना हुआ है।
उड़द में गिरावट: बर्मा में कीमतें कमजोर होने से चेन्नई में नवंबर-दिसंबर शिपमेंट FAQ और SQ के भाव 10 डॉलर घटकर क्रमशः 935 और 995 डॉलर प्रति टन CNF रह गए। चेन्नई में FAQ 100 रुपए गिरकर 9,150 रुपए तथा SQ 100 रुपए कमजोर होकर 9,800 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। दिल्ली में FAQ 9,525 रुपए और SQ 10,200 रुपए प्रति क्विंटल बोला गया। केंद्रीय पूल में उड़द का स्टॉक मात्र 44 हजार टन बताया गया है। आगामी दिनों में घरेलू आवक और आयातित शिपमेंट बढ़ने की संभावना से बड़ी तेजी के आसार कम हैं।
चना में नरमी: कमजोर दाल मिल मांग से दिल्ली में चना के भाव 25 रुपए प्रति क्विंटल घट गए। राजस्थान लाइन 7,750-7,775 रुपए तथा मध्य प्रदेश लाइन 7,700-7,725 रुपए प्रति क्विंटल रही। मुंद्रा बंदरगाह पर ऑस्ट्रेलियाई चना नवंबर शिपमेंट 10 डॉलर घटकर 795 डॉलर प्रति टन CNF रह गया। हालांकि, घरेलू चना का सीमित स्टॉक और महंगा आयात कीमतों में बड़ी गिरावट को रोक सकता है। केंद्रीय पूल में करीब 16 लाख टन चना स्टॉक बताया गया है।
तुअर में उतार-चढ़ाव: चेन्नई में लेमन तुअर के भाव दिन में 75 रुपए प्रति क्विंटल कमजोर हुए, लेकिन शाम के कारोबार में दिल्ली, मुंबई और चेन्नई में 75 रुपए की तेजी दर्ज की गई। दूसरी ओर, बर्मा और अफ्रीकी देशों से आयातित तुअर के भाव मजबूत हुए। कर्नाटक की मंडियों में नई तुअर की छिटपुट आवक शुरू हो चुकी है। खरीफ 2026 में देसी तुअर का उत्पादन 25-30 लाख टन तथा आयात 10-12 लाख टन रहने का उद्योग का अनुमान है। केंद्रीय पूल में तुअर का स्टॉक 9.7 लाख टन बताया गया है।
मसूर में गिरावट: कमजोर खरीदारी और बंदरगाहों पर आयातित स्टॉक अधिक होने से मसूर की कीमतों पर दबाव बना रहा। दिल्ली में देसी मसूर 25 रुपए घटकर 6,475-6,500 रुपए प्रति क्विंटल रह गई। कनाडा मसूर कांदला में 50 रुपए कमजोर होकर 5,725-5,750 रुपए तथा मुंद्रा में 5,750 रुपए प्रति क्विंटल रह गई। केंद्रीय पूल में मसूर का स्टॉक 5.3 लाख टन बताया गया है। हालांकि, बिहार, बंगाल और असम में दाल की मांग नवंबर अंत तक बनी रहने की उम्मीद है।
मूंग में स्थिरता: अधिकांश उत्पादक मंडियों में मूंग के भाव स्थिर रहे। दाल मिलें जरूरत के अनुसार खरीदारी कर रही हैं। त्योहारों की छुट्टियां समाप्त होने के बाद अगले सप्ताह मंडियों में आवक बढ़ने की संभावना है। इंदौर में बेस्ट बोल्ड मूंग 8,000-8,500 रुपए, जयपुर में चमकी मूंग 8,100 रुपए, दिल्ली में राजस्थान लाइन 8,700 रुपए तथा अकोला में 9,400 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रही।