साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल
18-Apr-2026 07:50 PM
सामान्य कारोबार के साथ धान-चावल के दाम में उतार-चढ़ाव
नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की थोक मंडियों में धान की आवक निरन्तर घटती जा रही है और बल्क खरीदार इसकी लिवाली में सावधानी बरत रहे हैं। सामान्य श्रेणी के गैर बासमती धान की आवक नहीं या नगण्य हो रही है जबकि 'ए' ग्रेड एवं बासमती धान भी बहुत कम मात्रा में आ रहा है। कुछ राज्यों में रबी कालीन धान की फसल करनी शुरू हो गई है। आगामी समय में वहां इसकी आपूर्ति बढ़ेगी।
दिल्ली
11 से 17 अप्रैल वाले सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में 3000-4500 बोरी के बीच धान की दैनिक आवक हुई जबकि 1121 धान का भाव करीब 140 रुपए प्रति क्विंटल घट गया इसी तरह 1509 हैण्ड धान में भी कुछ नरमी रही मगर 1509 कम्बाइन एवं 1718 धान के दाम में क्रमश: 70 रुपए एवं 50 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार आ गया।
छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा एवं राजिम मंडियों में भी धान की सीमित आवक एवं कमजोर कारोबार के कारण धान की कीमतों में कुछ उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश की कुछ मंडियों में धान की थोड़ी-बहुत आवक हो रही है जिसमें शाहजहांपुर एवं अलीगढ मुख्य रूप से शामिल है। राजस्थान की बूंदी एवं कोटा मंडी में धान की दैनिक आवक पहले से बहुत कम हो रही है।
चावल
जहां तक चावल की बात है तो इसकी खरीद में निर्यातकों की दिलचस्पी बढ़ने लगी है। हालांकि औपचारिक तौर पर होर्मुज स्ट्रेट को खोलने की घोषणा हो चुकी है लेकिन अमरीका की घेराबंदी तथा ईरान की चेतावनी के कारण मामला अब भी अनिश्चित बना हुआ है। ईरान ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेड से केवल कमर्शियल जहाजों को गुजरने की अनुमति होगी और इन जहाजों को ईरान द्वारा निश्चित किए गए रूट से जाना होगा।
अमृतसर
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान भाटापाड़ा रायचूर अमृतसर नगर (उत्तराखंड), बूंदी एवं कुछ अन्य मंडियों में विभिन्न किस्मों एवं श्रेणियों के चावल के दाम में 100-300 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि दर्ज की गई।
