साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल

21-Feb-2026 06:54 PM

बेहतर कारोबार के साथ धान-चावल का भाव मजबूत 

नई दिल्ली। आपूर्ति का ऑफ सीजन होने से प्रमुख उत्पादक राज्यों की महत्वपूर्ण मंडियों में खासकर बासमती एवं 'ए' ग्रेड के गैर बासमती धान की आवक कमजोर पड़ने लगी है जबकि मिलर्स / प्रोसेसर्स एवं निर्यातकों की मांग मजबूत देखी जा रही है। 
निर्यात 
खाड़ी क्षेत्र के देशों में बासमती चावल की अच्छी मांग है जबकि अन्य देशों में सामान्य श्रेणी के चावल का निर्यात बढ़ रहा है। हाल ही में अमरीका के साथ 5 हजार टन बासमती चावल के निर्यात का अनुबंध किया गया है जिससे भविष्य के लिए अच्छा संकेत मिल रहा है। अमरीका में सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश से खलबली मची हुई है। 
दिल्ली 
14-20 फरवरी वाले सप्ताह के दौरान दिल्ली की नरेला मंडी में 7 से 10 हजार बोरी के बीच धान की रोजाना आवक हुई और बेहतर उठाव के कारण इसकी कीमतों में 50 से 130 रुपए प्रति क्विंटल तक का इजाफा दर्ज किया। नजफगढ़ मंडी में 2500-3000 बोरी की आपूर्ति के बीच 1121 हैण्ड धान का दाम 125 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ गया। 
छत्तीसगढ़ 
छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा एवं राजिम मंडियों में धान की सामान्य आवक हो रही है और वहां इसका भाव या तो स्थिर या तेज देखा जा रहा है। उत्तर प्रदेश की एटा, मैनपुरी, जहांगीराबाद, शाहजहांपुर, अलीगढ़ एवं खैर जैसी मंडियों में धान की आवक घटने लगी है जबकि मिलर्स एवं निर्यातकों द्वारा उसकी अच्छी लिवाली की जा रही है। 
उत्तर प्रदेश 
इसके फलस्वरूप समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान उत्तर प्रदेश की मंडियों में अधिकांश किस्मों के धान की कीमतों में बढ़ोत्तरी दर्ज की गई। हरियाणा की टोहाना एवं गोहाना तथा राजस्थान की कोटा एवं बूंदी मंडी में धान की अच्छी आवक दर्ज की गई। 
चावल 
जहां तक चावल का सवाल है तो समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान इसका कारोबार भी बेहतर होने से कीमतों में सुधार देखा गया। पंजाब के अमृतसर में विभिन्न श्रेणियों के चावल का भाव 250 से 350 रुपए प्रति क्विंटल तक उछल गया बूंदी में 1718 सेला चावल का दाम 250 रुपए की वृद्धि के साथ 8000/8100 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंचा। हरियाणा की करनाल मंडी में काफी हद तक स्थिरता रही लेकिन दिल्ली के नया बाजार में चावल का भाव 100 से 300 रुपए प्रति क्विंटल तक बढ़ गया।