Home News

साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल

21-Nov-2026 08:23 PM

साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल
धान का भाव तेज- चावल में मिश्रित रुख 

नई दिल्ली। प्रमुख उत्पादक राज्यों की मंडियों में 14-20 नवम्बर वाले सप्ताह के दौरान बासमती एवं 'ए' ग्रेड के गैर बासमती धान की आपूर्ति अपेक्षाकृत कुछ कम हुई जबकि मिलर्स / प्रोसेसर्स एवं निर्यातकों की अच्छी सक्रियता बनी रही। इसके फलस्वरूप कीमतों में तेजी-मजबूती का माहौल देखा गया। दूसरी ओर मांग एवं आपूर्ति के अनुरूप चावल की कीमतों में कहीं तेजी और कहीं मंदी देखी गई। पश्चिम एशिया, मध्य पूर्व एवं खाड़ी क्षेत्र के देशों में बासमती चावल का निर्यात अभी तक पूरी रफ्तार से शुरू नहीं हो पाया है क्योंकि अमरीका और ईरान के बीच होर्मुज स्ट्रेट के जलमार्ग को लेकर तनाव बरकरार है।
दिल्ली 
समीक्षाधीन सप्ताह के दौरान नरेला मंडी में 50-55 हजार बोरी तथा नजफगढ़ में 15-20 हजार बोरी धान की दैनिक आवक हुई। छत्तीसगढ़ की भाटापाड़ा एवं राजिम मंडी में 3-4 हजार बोरी धान रोजाना पहुंचा। 
पंजाब / अमृतसर 
पंजाब के अमृतसर में केवल 18 नवम्बर को 35 हजार बोरी एवं 20 नवम्बर को 18 हजार बोरी धान पहुंचा। तरनतारन में इसकी मात्रा 30-40 हजार बोरी दर्ज की गई। उत्तर प्रदेश की एटा, मैनपुरी, जहांगीराबाद, शाहजहांपुर, अलीगढ़ एवं खैर जैसी मंडियों में धान की आपूर्ति नियमित रूप से हो रही है लेकिन हरियाणा की मंडियों में आवक कमजोर देखी जा रही है। 
राजस्थान 
दूसरी ओर राजस्थान के बूंदी एवं कोटा में भारी मात्रा में धान पहुंच रहा है। लगभग सभी मंडियों में अधिकांश संवर्ग के धान में अच्छा कारोबार हुआ और इसलिए कीमतों में भी 100-200 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार आया।
चावल 
चावल के दाम में मिश्रित रुख देखा गया। भाटापाड़ा में श्री राम चावल का दाम 500 रुपए घटकर 8000 रुपए प्रति क्विंटल रह गया। 
अमृतसर 
अमृतसर में विभिन्न किस्मों के चावल के दाम में 100 से 350 रुपए प्रति क्विंटल तक का उतार-चढ़ाव देखा गया। वहां निर्यातकों की सक्रियता कुछ कम रही। इसी तरह बूंदी में भी कारोबार कम होने से चावल का भाव नरम रहा। 
दिल्ली 
दिल्ली के नया बाजार में चावल की कीमतों में 500-700 रुपए प्रति क्विंटल तक की भारी गिरावट दर्ज की गई जबकि कुछ किस्मों के दाम में 100-200 रुपए का सुधार भी देखा गया।