साप्ताहिक समीक्षा-मटर

20-Jun-2026 09:30 PM

मटर बाजार में नरमी, कमजोर मांग से बढ़ा दबाव  

कानपुर। बढे भावों पर बिकवाली बढ़ने तथा लिवाली कमजोर पड़ने से चालू सप्ताह के दौरान मटर बाजार में गिरावट का रुख देखने को मिला। खरीदारों की सीमित सक्रियता और दाल मिलों की कमजोर मांग के कारण कीमतों पर लगातार दबाव बना रहा। हाल के दिनों में मटर के भाव बढ़ने के बाद व्यापारियों और स्टॉकिस्टों की बिकवाली बढ़ गई है। दूसरी ओर खरीदार ऊंचे स्तरों पर खरीदारी से बच रहे हैं, जिससे बाजार में मांग और आपूर्ति के बीच असंतुलन की स्थिति बनी हुई है। चना बाजार में जारी नरमी का असर भी मटर पर देखने को मिला। चना के कमजोर रुख के चलते दाल मिलों की मटर में खरीदारी घटी है, जिससे बाजार को अपेक्षित समर्थन नहीं मिल पाया। बाजार जानकारों का कहना है कि फिलहाल दाल मिलें आवश्यकता के अनुसार ही खरीदारी कर रही हैं और जब तक दालों की मांग में सुधार नहीं होता, तब तक मटर की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि निचले भावों पर मांग निकलने की संभावना बनी हुई है, जिससे बड़ी गिरावट की आशंका सीमित है।
आयातकों की बिकवाली बढ़ने और लिवाली कमजोर पड़ने से चालू सप्ताह में आयातित मटर के भाव 50 रुपये प्रति क्विंटल घट गए। सप्ताहांत में मुंद्रा बंदरगाह पर कनाडा मटर 3950/3960 रुपये तथा रूस मटर 3,900 रुपये प्रति क्विंटल रहे। वहीं हजीरा बंदरगाह पर कनाडा मटर 3975 रुपये और रूस मटर 3900/3925 रुपये प्रति क्विंटल पर कारोबार करता रहा। 
घरेलू बाजार में भी नरमी का रुख बना रहा। स्टॉकिस्टों की बिकवाली बढ़ने से कानपुर मटर के भाव 25 रुपये घटकर 4225 रुपये प्रति क्विंटल रह गए। ललितपुर में मटर 50 रुपये की गिरावट के साथ 3,900/4250 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गई। राठ में लिवाली सुस्त रहने से मटर के भाव 200 रुपये टूटकर 4000/4200 रुपये प्रति क्विंटल रह गए, जबकि मऊरानीपुर में 90 रुपये की गिरावट के साथ भाव 3900/4000 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किए गए।
मध्य प्रदेश की मंडियों में भी मांग कमजोर रहने से मटर के भाव 50/100 रुपये प्रति क्विंटल घट गए। सप्ताहांत में बीना में मटर 3,800/4000 रुपये तथा दमोह में 3,800/4,100 रुपये प्रति क्विंटल पर कारोबार करती रही। व्यापारियों के अनुसार निकट अवधि में मटर बाजार की दिशा दालों की मांग और चना बाजार की चाल पर निर्भर करेगी, जबकि निचले स्तरों पर खरीदारी बढ़ने से बाजार को कुछ समर्थन मिल सकता है।
कनाडा 
कनाडा में मटर की बुवाई पूरी होने के बाद बाजार का फोकस अब नई फसल की प्रगति पर आ गया है। अगस्त से कटाई शुरू होने की उम्मीद है और नई फसल के लिए बड़े पैमाने पर अग्रिम सौदे पहले ही हो चुके हैं। इसी कारण मौजूदा स्टॉक में कारोबार सुस्त बना हुआ है। पीली मटर के भाव पिछले कुछ सप्ताहों से 8.00-8.50 डॉलर प्रति बुशेल पर स्थिर हैं, जबकि कमजोर मांग के चलते हरी मटर के भाव घटकर 9.00-9.50 डॉलर प्रति बुशेल रह गए हैं। सस्कैचवान के किसान निचले भावों पर बिक्री करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। निर्यातकों की नजर चीन और भारत के बाजार पर बनी हुई है। चीन में आयात शुल्क घटाया गया है, जबकि भारत में प्रतिकूल मौसम के कारण खरीफ दलहन उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। अब 30 जून को आने वाली स्टैट्स कैन रिपोर्ट पर बाजार की नजरें टिकी हैं, जिसमें मटर के बुवाई क्षेत्र का विस्तृत आंकड़ा जारी होगा।
मटर दाल  
मांग सुस्त बनी रहने से चालू साप्ताह के दौरान मटर दाल की कीमतों में 50/100 रुपए प्रति क्विंटल की  मंदी देखी गयी और सप्ताहंत में भाव कानपुर 45००/4650 रुपए व इंदौर 4700/4800 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी।