अच्छी आवक एवं सामान्य कारोबार से मूंगफली में मिश्रित रुख
नई दिल्ली। खरीफ कालीन मूंगफली के नए माल की आवक गुजरात, उत्तर प्रदेश, राजस्थान एवं महाराष्ट जैसे राज्यों में जोर पकड़ने लगी है जबकि इसकी खरीद-बिक्री की स्थिति सामान्य बनी हुई है।
मूंगफली
गुजरात की राजकोट मंडी में मूंगफली की आवक बढ़ते हुए 28 अक्टूबर को 40 हजार बोरी तक पहुंच गई। उसीद दिन उत्तर प्रदेश की झांसी मंडी में 47,500 बोरी की आवक हुई। महोबा में 29 अक्टूबर को 11 हजार बोरी मूंगफली पहुंची। मऊरानीपुर में भी नई मूंगफली आ रही है।
भाव
जहां तक कीमतों की बात है तो 24-30 अक्टूबर वाले सप्ताह के दौरान मूंगफली का भाव राजकोट में 6000/10000 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रहा मगर राजस्थान के बीकानेर में 300 रुपए बढ़कर 8300 रुपए प्रति क्विंटल तथा यूपी के झांसी में 500 रुपए उछलकर 6000/7500 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। दूसरी ओर इसका भाव महाराष्ट्र के सोलापुर में 200 रुपए गिरकर 9600 रुपए प्रति क्विंटल तथा यूपी के महोबा में 700 रुपए घटकर 6500/6800 रुपए प्रति क्विंटल पर आ गया। मऊरानीपुर में भी 50 रुपए की नरमी रही।
मूंगफली दाना
छिलका रहित मूंगफली दाना में मिलर्स एवं निर्यातकों की मांग रहने से बीकानेर में भाव 100/200 रुपए प्रति क्विंटल तेज हो गया। नागपुर में भी इसमें 700 रुपए प्रति क्विंटल की भारी तेजी रही मगर सोलापुर में 100-300 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी देखी गई।
मूंगफली तेल / ब्रांडेड तेल
लूज रूप में मूंगफली तेल का भाव या तो स्थिर या नरम रहा और इसमें ऊंचे दाम पर कारोबार कमजोर देखा गया। ब्रांडेड एवं फिल्टर्ड मूंगफली तेल में भी लगभग ऐसी ही स्थिति रही। मूंगफली की आवक आगे और बढ़ने की संभावना है।