सीमित कारोबार के साथ कनाडा में काबुली चना का भाव स्थिर
24-Jan-2025 12:39 PM
सस्काटून । पश्चिमी कनाडा की मंडियों में पिछले कुछ दिनों से सीमित कारोबार के बीच काबुली चना का भाव लगभग स्थिर बना हुआ है। मांग एवं कीमत में ज्यादा उतार-चढ़ाव नहीं देखा जा रहा है।
माल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होने से खरीदार कोई जल्दबाजी नहीं दिखा रहे हैं और विदेशी मांग भी सुस्त पड़ गई है। बड़े दाने वाले माल का एफओबी फार्म मूल्य 40-41 सेंट प्रति पौंड पर स्थिर है।
खरीदारों का ध्यान ऐसे माल के स्टॉक की लिवाली पर है जिसमें 9 मि०मी० आकार वाले दाने का अंश 25 प्रतिशत या उससे ज्यादा हो। छोटे आकार के काबुली चने का दाम 34-35 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है और इसका थोड़ा बहुत कारोबार भी हो रहा है।
सबसे प्रमुख कृषि उत्पादक राज्य-सस्कैचवान के दक्षिणी भाग में मार्च-मई शिपमेंट के लिए छोटे दाने वाले काबुली चने का कुछ अनुबंध होने की सूचना मिल रही है लेकिन कीमतों पर इसका कोई सकारात्मक असर नहीं पड़ रहा है।
समीक्षकों का कहना है कि जिन उत्पादकों के पास इस श्रेणी के माल का स्टॉक ज्यादा है उसे बिक्री पर विशेष ध्यान देना चाहिए कनाडा में अप्रैल मई में काबुली चना की बिजाई शुरू होगी और अगस्त-सितम्बर में नया माल आने लगेगा। इस नए माल के लिए अग्रिम अनुबंध 35-37 सेंट प्रति पौंड के मूल्य स्तर पर होने लगा है।
खरीदारों के लिए यह आकर्षक ऑफर माना जा रहा है। भारत में मार्च-अप्रैल में नई फसल की जोरदार आवक आरंभ होगी। ऑस्ट्रेलिया में शानदार उत्पादन के साथ देसी चना में बढ़िया कारोबार हो रहा है।
