सामान्य कारोबार के साथ धनिया का भाव निश्चित सीमा में स्थिर रहने की संभावना
08-Aug-2025 04:36 PM

कोटा। धनिया की आपूर्ति की स्थिति धीरे-धीरे सामान्य होने लगी है। मगर कारोबार की रफ्तार बढ़ने में कुछ समय लग सकता है। राजस्थान, मध्य प्रदेश एवं गुजरात जैसे शीर्ष उत्पादक प्रांतों में इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून की जोरदार बारिश होने से कई क्षेत्रों में या तो भयंकर बाढ़ आ गई या बाढ़ जैसे हालात बन गए।
इससे परिवहन में कठिनाई होने लगी और मंडियों में धनिया की आवक प्रभावित हुई। लेकिन अब मानसून सुस्त पड़ गया है और मौसम साफ होने लगा है।
इसके फलस्वरूप राजस्थान की रामगंज एवं बारां मंडी में धनिया की आवक पिछले दिन बढ़कर क्रमश: 5000-5500 बोरी और 2000 बोरी पर पहुंच गई। इससे पूर्व कमजोर बाजार भाव के कारण धनिया के उत्पादक इन मंडियों में कम मात्रा में अपना माल उतार रहे थे।
राजस्थान की इन दो प्रमुख मंडियों- रामगंज एवं बारां में धनिया का भाव 6700/7100 रुपए प्रति क्विंटल के बीच चल रहा है जिसे सामान्य स्तर माना जा रहा है।
व्यापार विश्लेषकों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक इसके दाम में 100-200 रुपए प्रति क्विंटल की सीमित तेजी-मंदी का माहौल रह सकता है। इसके बाद त्यौहारी सीजन की मांग निकलने पर इसके मूल्य में कुछ सुधार आने की उम्मीद की जा सकती है।
धनिया का अच्छा खासा स्टॉक अभी मौजूद है और इसका निर्यात प्रदर्शन भी संतोषजनक है। वैसे 2024-25 सीजन के दौरान गुजरात में धनिया के उत्पादन क्षेत्र में कुछ बढ़ोत्तरी हुई थी मगर राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में इसका रकबा घट गया था। धनिया की अगली बिजाई अक्टूबर-नवम्बर में होगी।
मक्का बोर्ड के मुताबिक अप्रैल-मई 2024 की तुलना में अप्रैल-मई 2025 के दौरान देश से धनिया का निर्यात 11,476 टन से बढ़कर 13,858 टन पर पहुंचा और इससे होने वाली आमदनी भी 115.77 करोड़ रुपए से उछलकर 137.18 करोड़ रुपए पर पहुंच गई। घरेलू मांग सामान्य है।