सौंफ उत्पादन गत वर्ष से अधिक
06-Feb-2024 07:27 PM
नई दिल्ली । चालू सीजन के दौरान प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात एवं राजस्थान में बिजाई का क्षेत्रफल बढ़ने के पश्चात मौसम भी फसल के अनुकूल बना रहने के कारण दूसरे वर्ष भी देश में सौंफ का उत्पादन बढ़ने के समाचार हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 में देश में सौंफ का उत्पादन 13/15 लाख बोरी (प्रत्येक बोरी- 55 किलो) का रहा था जोकि वर्ष 2023 में बढ़कर 20/21 लाख बोरी का हो गया था। चालू सीजन के दौरान सौंफ का उत्पादन लगभग दो गुना होकर 40/42 लाख बोरी होने के अनुमान लगाए जा रहे हैं।
सौंफ के प्रमुख उत्पादक राज्य गुजरात में इस वर्ष सौंफ की बिजाई 1.33 लाख हेक्टेयर पर की गई है जबकि गत वर्ष बिजाई का क्षेत्रफल 51 हजार हेक्टेयर का रहा था। राजस्थान में भी बिजाई गत वर्ष की तुलना में दोगुना होने के समाचार है।
गुजरात की ऊंझा मंडी में नए सौंफ की आवक 1500/1800 बोरी की हो गई है और क्वालिटीनुसार भाव 100/350 रुपए प्रति किलो के बोले जा रहे है। अधिक उत्पादन के कारण आगामी दिनों में सौंफ की कीमतों में मंदे की संभावना है।
राजस्थान की मंडियों में नए सौंफ की आवक मार्च माह में शुरू होगी। वर्तमान में ऊंझा मंडी में नई सौंफ में नमी की मात्रा आ रही है सूखे मालों की आवक मार्च माह के शुरू में होने के अनुमान लगाए जा रहे है।
