तिलहन फसलों के वैश्विक उत्पादन अनुमान में वृद्धि

10-Apr-2026 07:56 PM

वाशिंगटन। अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने मार्च की अपनी रिपोर्ट में 2025-26 सीजन के दौरान 69.754 करोड़ टन तिलहनों के वैश्विक उत्पादन का अनुमान या जिसे अप्रैल की रिपोर्ट में बढ़ाकर 69.821 करोड़ टन निर्धारित किया है। अमरीका से बाहर अन्य देशों में तिलहन फसलों का उत्पादन 57.197 करोड़ टन होने की संभावना व्यक्त की गई है जो पिछले माह के अनुमान 57.130 करोड़ टन से ज्यादा है। तिलहन फसलों के अग्रणी उत्पादक देशों में ब्राजील, अमरीका, अर्जेन्टीना चीन एवं भारत आदि शामिल है। 

उस्डा ने अमरीका में 2025-26 सीजन के दौरान 12.624 करोड़ टन तिलहनों के उत्पादन का अनुमान लगाया है जो मार्च के अनुमान के बराबर ही है। तिलहनों का वैश्विक बकाया स्टॉक घटकर 14.541 करोड़ टन पर सिमटने की संभावना व्यक्त की गई है जो मार्च के आंकड़े 14.658 करोड़ टन से कुछ कम है। 

उस्डा की रिपोर्ट के अनुसार 2025-26 सीजन के दौरान सोयाबीन का वैश्विक उत्पादन 42.741 करोड़ टन पर पहुंचने की संभावना है जो मार्च में लगाए गए अनुमान 42.718 करोड़ टन से कुछ ज्यादा है। इसके तहत पराग्वे एवं दक्षिण अफ्रीका के उत्पादन अनुमान में बढ़ोत्तरी की गई है।

जहां तक अमरीका का सवाल है तो वहां सोयाबीन के उत्पादन अनुमान में कोई बदलाव नहीं हुआ है और इसे 11.599 करोड़ टन के पिछले स्तर पर ही बरकरार रखा गया है। ब्राजील दुनिया में सोयाबीन का सबसे प्रमुख उत्पादक देश बना रहेगा। 

ब्राजील में सोयाबीन फसल की कटाई-तैयारी बिल्कुल अंतिम चरण में पहुंच गई है जबकि अर्जेन्टीना में अभी जोर शोर से जारी है। उधर अमरीका में शीघ्र ही सोयाबीन की बिजाई जोर पकड़ने वाली है।