राजस्थान में खरीफ फसलों का क्षेत्रफल गत वर्ष से 4 लाख हेक्टेयर पीछे

25-Aug-2026 07:26 PM

जयपुर। देश के पश्चिमी प्रान्त- राजस्थान में खरीफ फसलों का कुल उत्पादन क्षेत्र इस बार 25 अगस्त तक 153.97 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा जो पिछले साल की समान अवधि के बिजाई क्षेत्र 158.01 लाख हेक्टेयर से 4.04 लाख हेक्टेयर कम है। गत वर्ष की तुलना में इस बार वहां धान, ज्वार, बाजरा, मक्का, मोठ, तिल के उत्पादन क्षेत्र में बढ़ोत्तरी हुई है जबकि दूसरी ओर मूंग, चौला, मूंगफली, सोयाबीन, अरंडी, कपास एवं ग्वार के बिजाई क्षेत्र में कमी आई है। उल्लेखनीय है की राजस्थान मूंग, मोठ, चौला एवं ग्वार का सबसे प्रमुख उत्पादक प्रान्त है।

राज्य कृषि विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले साल की तुलना में चालू खरीफ सीजन के दौरान राजस्थान में धान एवं मोटे अनाजों का उत्पादन क्षेत्र 56.42 लाख हेक्टेयर से उछलकर 60.59 लाख हेक्टेयर पर पहुंचा मगर दलहनों का बिजाई क्षेत्र 39.63 लाख हेक्टेयर से लुढ़ककर 36.88 लाख हेक्टेयर तिलहन फसलों का क्षेत्रफल 26.85 लाख हेक्टेयर से घटकर 24.61 लाख हेक्टेयर, कपास का रकबा 6.44 लाख हेक्टेयर से फिसलकर 5.39 लाख हेक्टेयर तथा ग्वार का उत्पादन क्षेत्र 24.82 लाख हेक्टेयर से घटकर 22.35 लाख हेक्टेयर रह गया। 

मोटे अनाजों में मक्का का उत्पादन क्षेत्र 8.88 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 9.84 लाख हेक्टेयर तथा बाजरा का बिजाई क्षेत्र 39.09 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 40.55 लाख हेक्टेयर हो गया। दलहन फसलों में मूंग का बिजाई क्षेत्र 26.57 लाख हेक्टेयर से लुढ़ककर 28.17 लाख हेक्टेयर, तिलहन फसलों में मूंगफली का उत्पादन क्षेत्र 12.86 लाख हेक्टेयर से घटकर 11.24 लाख हेक्टेयर तथा सोयाबीन का रकबा 9.89 लाख हेक्टेयर से गिरकर 9.32 लाख हेक्टेयर रह गया।