राजस्थान में एमएसपी पर 100 प्रतिशत चना खरीदने की अपील
01-May-2026 11:10 AM
जयपुर। देश के पश्चिमी प्रान्त- राजस्थान की मंडियों में चना की जोरदार आवक के बीच कीमतों में नरमी आने से किसानों की चिंता काफी बढ़ गई है। एक अग्रणी किसान संगठन का कहना है कि प्रचलित नियम के अनुमान सभी पंजीकृत किसानों से चना की सम्पूर्ण मात्रा की खरीद होनी चाहिए मगर राज्य में इस नियम का उल्लंघन हो रहा है।
इसे देखते हुए केन्द्रीय कृषि मंत्री को हस्तक्षेप करना चाहिए और न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर चना की 100 प्रतिशत खरीद सुनिश्चित करनी चाहिए।
प्रत्यके किसान से अधिकतम 40 क्विंटल चना की सरकारी खरीद की जा रही है। राजस्थान में चना की बिक्री के लिए अब तक 5000 से अधिक किसान अपना रजिस्ट्रेशन करवा चुके हैं लेकिन अभी तक राज्य के सभी जिलों में खरीद की प्रक्रिया आरंभ नहीं होने से किसानों को अपना माल बेचने में सफलता नहीं मिल रही है। जहां इसकी प्रक्रिया शुरू हुई है वहां भी सरकारी एजेंसियां 40 क्विंटल से ज्यादा चना खरीदने से इंकार कर रही है।
फिलहाल केवल अजमेर जिले के किशन गढ़ में चना की सरकारी खरीद हो रही है। नोडल प्रांतीय एजेंसी- राजफेड में पंजीकृत किसानों से सिर्फ 40 क्विंटल तक चना खरीदा जा रहा है।
चना का न्यूनतम समर्थन मूल्य इस बार 5875 रुपए प्रति क्विंटल नियत हुआ है जबकि इसका थोक मंडी भाव 5000-5200 रुपए प्रति क्विंटल चल रहा है। 40 क्विंटल से अधिक उत्पादन को नीचे दाम पर बेचने से किसानों को औसतन 775 रुपए प्रति क्विंटल का नुकसान हो रहा है।
