रबी सीजन में खेती के लिए 16 अक्टूबर से किसानों को गेहूं के उन्नत बीज का वितरण होगा

12-Oct-2023 07:35 AM

करनाल  । अल नीनो के खतरे को देखते हुए केन्द्र सरकार ने 2023-24 के रबी सीजन में गेहूं की ऐसी उन्नत एवं परिष्कृत बीज की खेती का दायरा बढ़ाने का प्लान बनाया है जिसमें प्रतिकूल मौसम और खासकर गर्मी को सहन करने की अधिक क्षमता हो।

इसी योजना के तहत करनाल (हरियाणा) में अवस्थित संस्था- भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान द्वारा किसानों को 16 से 20 अक्टूबर 2023 तक गेहूं की नई किस्मों के बीज (सीड) का वितरण किया जाएगा जिससे हरियाणा एवं पंजाब के साथ-साथ अन्य राज्यों के उत्पादन भी लाभान्वित हो सकते हैं।

संस्थान के निदेशक का कहना है कि गेहूं के बीज की प्राप्ति के लिए किसानों ने वर्तमान के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करवाया था और अब उन पंजीकृत किसानों को 16-20 अक्टूबर तक यह बीज उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके लिए समय एवं क्षेत्र का निर्धारण पहले ही किया जा चुका है।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत 16 अक्टूबर 2023 को पंजाब के अमृतसर, बरनाला, भटिंडा, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, फाजिल्का, फिरोजपुर, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, मनसा तथा लुधियाना जिले के किसानों को तथा 17 अक्टूबर को पंजाब के शेष जिले के उत्पादकों को गेहूं का बीज वितरित किया जाएगा।

इसी तरह 18 अक्टूबर 2023 को हरियाणा के अम्बाला, भिवानी, चरखी दादरी, फरीदाबाद, फतेहाबाद, गुरुग्राम, हिसार, झज्जर, जींद एवं कैथल जिले के किसानों को तथा 19 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, पलवल, पंचकूला, पानीपत, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा, सोनीपत तथा यमुना नगर के उत्पादकों को गेहूं का बीज उपलब्ध करवाया जाएगा।

20 अक्टूबर 2023 को हरियाणा के करनाल जिले के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल एवं उत्तराखंड जैसे राज्यों के किसानों को गेहूं का बीज दिया जाएगा। इस गेहूं बीज की कीमत 50 रुपए प्रति किलो निर्धारित की गई है जिसकी उपज दर ऊंची होती है। इसमें रोग प्रतिरोधक क्षमता भी है।