प्रमुख उत्पादक देशों से आपूर्ति बढ़ने के कारण मटर का भाव स्थिर
30-Mar-2026 03:18 PM
वैंकुवर। पिछले सप्ताह मटर के वैश्विक बाजार मूल्य में काफी हद तक स्थिरता देखी गई। प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देशों से इसकी बेहतर आपूर्ति हुई जबकि खरीदारों की लिवाली सामान्य रही।
पश्चिम एशिया में ईरान-इजरायल के बीच जारी घमासान युद्ध के कारण समुद्री जल मार्ग असुरक्षित हो गया है जिससे अन्य जिंसों के साथ-साथ मटर का आयात-निर्यात भी प्रभावित हो रहा है।
कनाडा और रूस में मटर का विशाल बकाया स्टॉक मौजूद है जो इसके वैश्विक बाजार मूल्य पर दबाव डाल रहा है। वहां शीघ्र ही इसकी नई बिजाई आरंभ होने वाली है लेकिन भारी-भरकम स्टॉक, निम्न स्तरीय मूल्य तथा आयात-निर्यात में अवरोध के कारण उत्पादक असमंजस में हैं।
हालांकि चीन ने कनाडाई मटर पर आयात शुल्क में कटौती कर दी है लेकिन वहां इसकी जोरदार खरीद शुरू नहीं हुई है। कनाडा में वर्ष 2025 के दौरान मटर का शानदार उत्पादन हुआ जिससे इसका स्टॉक काफी बढ़ गया। बिजाई में अनिश्चितता के कारण बाजार काफी सतर्क हो गया है।
मोटे अनुमान के अनुसार 2025 की तुलना में 2026 के दौरान मटर का उत्पादन क्षेत्र लगभग 35 लाख एकड़ से घटकर करीब 20.80 लाख एकड़ पर सिमट सकता है। उधर अमरीका में इसके बिजाई क्षेत्र का अनुमानित आंकड़ा 31 मार्च को जारी होने वाला है और तभी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
